
नई दिल्ली। जिसके भाग्य में जब, जो और जितना लिखा है, उसे तब उतना ही मिलेगा। इसका स्पष्ट और ताजा उदाहरण है मुंबई में रहने वाली एक महिला सुंदरी। इस महिला का गहने का थैला उसके हाथ से लापरवाही की वजह से एक भिखारी के पास पहुंच गया। मगर गहना भिखारी की किस्मत में नहीं था, इसलिए तो उसने उसे कचरे में ढेर में फेंक दिया। यह थैला मिला एक चूहे को। मगर उसे गहने से क्या लेना देना। उसे तो थैले में एक और चीज रखी थी, जो उसके काम की थी। बड़ी मशक्कत के बाद मुंबई पुलिस ने वह थैला खोजा और उसे बरामद करके महिला को वापस किया।
दरअसल, मुंबई के डिंडोशी इलाके में रहने वाली सुंदरी नाम की महिला ने हाल ही में बेटी की शादी की थी। इसके लिए उसने कर्ज भी लिया था। उस कर्ज को चुकाने के लिए उसके पास कुछ गहने थे, जिनका वजन लगभग दस तोले रहा होगा। सुदंरी उस गहने को बैंक में गिरवी रखकर पैसा लेने वाली थी, जिससे कर्ज को चुकाया जा सके। मगर यह इतना आसान नहीं था।
भिखारी महिला और उसके बच्चे को दिया था वड़ापाव का पैकेट
बैंक जाते समय रास्ते में सुंदरी को एक भिखारी महिला दिखी। उसके साथ एक बच्चा भी था। सुंदरी के पास कुछ वड़ापाव थे। उसने बच्चे को वड़ापाव का पैकेट दे दिया। जब वह बैंक पहुंची, तो वहां बैग में से गहने का थैला निकालने लगी। मगर वह उसमें नहीं था। दिमाग पर जोर दिया तो याद आया कि थैला उसी वड़ापाव के पैकेट के साथ था। वह तुरंत भागी, जहां उसने भिखारी महिला और बच्चे को वड़ा पाव दिया था।
नाले में था चूहा, पाव खा रहा था और गहने की थैली बगल में रखी थी
यहां जब काफी खोजबीन के पास भिखारी महिला नहीं मिली तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए भिखारी महिला की तलाश शुरू की। थोड़ी देर में वह मिल गई। उसने बताया कि पाव सूखा था इसलिए कचरे में फेंक दिया। पुलिस ने कचरे के ढेर की तलाशी ली, मगर वहां नहीं दिखा। पास में लगे सीसीटीवी फुटेज से जांच की तो सामने आया कि थैला चूहा लेकर गया है। चूहे की तलाश हुई तो वह नाले में मिला, जो पाव खा रहा था। पुलिस ने नाले से थैला लिया और गहने लेकर महिला को सुपुर्द कर दिया।
वायरल न्यूज(Viral News Updates): Read latest trending news in India and across the world. Get updated with Viral news in Hindi at Asianet Hindi News