
Odisha News. सोशल मीडिया पर चर्चित होने के लिए युवा पागलपन की हदें पार कर रहे हैं। एक ऐसी ही घटना में ओडिशा के बौध जिला में एक नाबालिग लड़का रेलवे ट्रैक पर सो गया। वह पटरी पर लेटा उसके साथी ट्रेन गुजरते समय उसका वीडियो बना सकें।
यह घटना पुरुनापानी स्टेशन के पास तालुपाली में हुई। एक लड़का पटरियों के बीच सो गया। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेन उसके ऊपर से गुजर गई। इस पूरे घटनाक्रम को उसके एक दोस्त ने रिकॉर्ड किया। दूसरे लड़के ने उसे गाइड किया। ट्रेन के गुजर जाने और लड़के के सुरक्षित बाहर निकलने के बाद सभी लड़कों ने जयकारे लगाए।
TOI की रिपोर्ट के अनुसार, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के एक इंस्पेक्टर ने कहा, "यह बेहद खतरनाक काम है। इसके चलते जान जा सकती थी। वीडियो मिलने के बाद, हमने तुरंत जांच शुरू की। हम गांव में गए और नाबालिगों व उनके परिवारों से बात की। इस तरह के व्यवहार के जानलेवा नतीजे के बारे में लोगों को जागरूक किया जा रहा है।"
स्टंट में शामिल दो लड़कों को किशोर न्याय बोर्ड के सामने पेश किया जा सकता है। वीडियो में पटरियों के पास खड़े तीसरे नाबालिग की भी पहचान कर ली गई है। वह स्टंट का हिस्सा नहीं था। उस पर कोई आरोप नहीं लगाया जाएगा।
वायरल न्यूज(Viral News Updates): Read latest trending news in India and across the world. Get updated with Viral news in Hindi at Asianet Hindi News