
एंटरटेनमेंट डेस्क. एक्ट्रेस और मॉडल उर्फी जावेद (Urfi Javed) ने कंट्रोवर्शियल रियलिटी शो 'बिग बॉस 16' (Bigg Boss 16) में यौन शोषण के आरोपी डायरेक्टर साजिद खान (Sajid Khan) को कंटेस्टेंट बनाने पर इसके मेकर्स को जमकर लताड़ लगाई है। उर्फी ने इसे लेकर सोशल मीडिया पर लंबा चौड़ा नोट लिखा है। उन्होंने पूछा है, "बिग बॉस, आपने ऐसा क्यों किया? जब आप यौन शोषण के आरोपियों को सपोर्ट करते हैं तो वास्तव में आप उन्हें बता रहे हैं कि उन्होंने जो किया, वही सही था।"
उन्होंने जो किया, वह सही नहीं है
24 साल की उर्फी ने आगे लिखा है, "इन लोगों को पता चलना चाहिए कि उन्होंने जो किया है, वह सही नहीं है और वे इससे भाग नहीं सकते। यौन शोषण के आरोपियों के साथ काम करना बंद कीजिए। यह विवादित नहीं है, बल्कि अपमानजनक है। साजिद खान ने जो किया, उसके लिए उसने कभी माफ़ी नहीं मांगी। जरा सोचिए, जिन लड़कियों का शोषण हुआ है, उन पर क्या बीत रही होगी?"
उर्फी ने इसके आगे तंज कसते हुए लिखा है, "आपको चिंता करने की जरूरत नहीं है। क्योंकि अगर आप ज्यादा से ज्यादा महिलाओं का शोषण करते हैं तो आप भारत के सबसे बड़े शो में शामिल होंगे।कंट्रोवर्सी के लिए आप हर चीज थोड़े सपोर्ट करेंगे। कलर्स यौन आरोपियों के साथ काम करना बंद कीजिए।"
साजिद पर लगे ये आरोप
उर्फी ने इस दौरान वो चार चीजें भी गिनाई हैं, जिनका साजिद खान पर आरोप लगता रहा है। उनके मुताबिक़, उस पर महिलाओं को अपना प्राइवेट पार्ट दिखाने का आरोप है। उस पर महिलाओं से अपनी फिल्म में कास्ट करने के बदले में न्यूड तस्वीरें मांगने का आरोप है। उस पर महिलाओं के साथ अश्लील और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप है। उस पर महिला सहकर्मियों की मौजूदगी में पोर्नोग्राफिक कंटेंट देखने का आरोप है।उर्फी ने अपनी सोशल मीडिया स्टोरी पर उन महिलाओं की तस्वीरें भी साझा की हैं, जिन्होंने साजिद खान पर सेक्सुअल हैरेसमेंट का आरोप लगाया है।
इसके साथ उर्फी ने यह भी बताया कि वे 'बिग बॉस 16' का हिस्सा क्यों नहीं बनीं। उन्होंने लिखा है, " ऐसा नहीं है कि मुझे इस साल बिग बॉस की ओर से ऑफर आया था। लेकिन अगर आया भी होता तो मैं नहीं करती। क्या हम सभी प्लीज यौन आरोपियों का समर्थन करना बंद कर सकते हैं। मैं अंदाजा भी नहीं लगा सकती कि जिन लड़कियों का उसने यौन शोषण किया था, उन पर उसे हर रोज TV पर देखकर क्या गुजर रही होगी।"
जिया खान का जिक्र किया
उर्फी ने अपनी इंस्टा स्टोरी पर एक न्यूज वेबसाइट का स्क्रीन शॉट साझा किया है, जिसमें जिया खान की बहन ने साजिद खान को लेकर चौंकाने वाला खुलासा किया है। दिवंगत जिया की बहन ने कहा था कि साजिद खान ने उनकी बहन से टॉप और ब्रा उतारने के लिए कहा था। जिया की बहन करिश्मा ने कहा था, "उसे पता नहीं था कि क्या करे। उसने बताया था कि फिल्म की शूटिंग भी शुरू नहीं हुई थी और यह सब हो रहा था। वह घर आकर खूब रोई थी।"
खूब चर्चा में रहा #MeToo कैंपेन
बात #MeToo कैंपेन की करें तो 2017 में यह एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में खूब चर्चा में रहा था। बॉलीवुड के कई दिग्गजों पर इस दौरान यौन शोषण के आरोप लगे थे, जिनमें साजिद खान भी शामिल थे। हाल ही में 'बिग बॉस' की पूर्व कंटेस्टेंट मंदाना करीमी ने शो के 16वें सीजन में साजिद खान की एंट्री पर गुस्सा जाहिर किया है और उन्होंने बॉलीवुड छोड़ने की घोषणा की है। मंदाना का आरोप है कि फिल्म 'हमशक्ल' की शूटिंग के दौरान साजिद खान ने उनसे कपड़े उतारने की मांग की थी।
और पढ़ें...
कहीं लंकेश-सीता के रोमांस पर विवाद तो कहीं राम बने रावण, ऐसी हैं 'रावण' के नाम पर बनी ये 10 फ़िल्में
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।