रजनीकांत की 'जेलर 2' अब ओटीटी पर दस्तक देने जा रही है। टाइगर मुथुवेल पांडियन की वापसी के साथ फिल्म में एक्शन, क्राइम और जबरदस्त स्टारकास्ट का तड़का लगेगा।
सुपरस्टार रजनीकांत के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी है। सिनेमाघरों में शानदार प्रदर्शन के बाद उनकी फिल्म 'जेलर 2' अब ओटीटी पर रिलीज होने के लिए तैयार है। प्राइम वीडियो ने फिल्म की ग्लोबल स्ट्रीमिंग का ऐलान कर दिया है। इसमें रजनीकांत एक बार फिर अपने चर्चित किरदार टाइगर मुथुवेल पांडियन के रूप में नजर आएंगे। खास बात यह है कि फिल्म में मोहनलाल, ऋतिक रोशन और विजय सेतुपति जैसे सितारों की भी खास मौजूदगी है। तो जानिए फिल्म कब और कहां देख पाएंगे और इसकी कहानी में इस बार क्या नया होने वाला है।
कब और कहां रिलीज होगी रजनीकांत की 'जेलर 2'?
प्राइम वीडियो ने आधिकारिक तौर पर ऐलान किया है कि 'जेलर 2' का ग्लोबल प्रीमियर 12 नवंबर को होगा। नेल्सन दिलीपकुमार के निर्देशन में बनी यह एक्शन क्राइम ड्रामा भारत समेत दुनिया के 240 से ज्यादा देशों और क्षेत्रों में स्ट्रीम होगी। फिल्म तमिल, तेलुगु, हिंदी, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में उपलब्ध होगी। यानी अलग-अलग भाषाओं के दर्शक अपने पसंदीदा वर्जन में इसे देख सकेंगे।
‘जेलर 2’ बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
नेल्सन दिलीप कुमार के निर्देशन में बनी ‘जेलर 2’ 15 अक्टूबर 2026 को थिएटर्स में रिलीज हुई थी। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 21 दिन में भारत में 466.05 करोड़ रुपए का नेट और 545.10 करोड़ रुपए का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। वर्ल्डवाइड ऑफिस पर फिल्म ने 821 करोड़ रुपए से ज्यादा का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है।
Jailer 2 Story: इस बार किससे भिड़ेंगे टाइगर मुथुवेल पांडियन?
पहली फिल्म की कहानी को आगे बढ़ाते हुए इस बार भी रजनीकांत रिटायर्ड जेलर टाइगर मुथुवेल पांडियन के किरदार में लौटेंगे। कहानी में उन्हें एक बार फिर रिटायरमेंट छोड़ना पड़ता है, क्योंकि एक ताकतवर आपराधिक सिंडिकेट उनके परिवार और करीबियों के लिए खतरा बन जाता है। पुराने दुश्मनों की वापसी और नए गठबंधनों के बीच मुथुवेल अपराधियों से भिड़ेंगे और अपने परिवार की सुरक्षा के साथ व्यवस्था बहाल करने की कोशिश करेंगे।
Jailer 2 Star Cast: रजनीकांत के साथ कौन-कौन आएगा नजर?
फिल्म में रजनीकांत के अलावा मोहनलाल, ऋतिक रोशन और विजय सेतुपति विशेष भूमिकाओं में दिखाई देंगे। वहीं एस. जे. सूर्या, शिवराजकुमार, सूरज वेंजारामूडु, मिथुन चक्रवर्ती, विद्या बालन, राम्या कृष्णन, नमो नारायण और योगी बाबू भी अहम किरदार निभा रहे हैं। फिल्म का निर्देशन नेल्सन दिलीपकुमार ने किया है, जबकि सन पिक्चर्स के बैनर तले कलानिधि मारन ने इसे प्रोड्यूस किया है। संगीत अनिरुद्ध रविचंदर ने दिया है।
Nelson Dilipkumar on Jailer 2: निर्देशक ने फिल्म को लेकर क्या कहा?
निर्देशक नेल्सन दिलीपकुमार के मुताबिक, पहली 'जेलर' को दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली थी और मुथुवेल पांडियन के किरदार को खूब प्यार मिला। दूसरी फिल्म के जरिए टीम ने कहानी, एक्शन, भव्यता और भावनात्मक पहलुओं को नए स्तर पर ले जाने की कोशिश की है। उन्होंने यह भी कहा कि सिनेमाघरों में मिली प्रतिक्रिया के बाद फिल्म को प्राइम वीडियो पर दुनियाभर के दर्शकों तक पहुंचाने की खुशी है।
Jailer OTT: पहली फिल्म कहां देख सकते हैं?
- जेलर (2023) – एक्शन कॉमेडी ड्रामा, प्राइम वीडियो पर स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध। फिल्म में रिटायर्ड जेलर मुथुवेल पांडियन अपने परिवार और कानून की रक्षा के लिए अपराधियों से भिड़ते हैं।
- जेलर 2 (2026) – एक्शन क्राइम ड्रामा, 12 नवंबर से प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी। फिल्म में मुथुवेल पांडियन एक शक्तिशाली आपराधिक सिंडिकेट के खिलाफ फिर मोर्चा संभालते हैं।




