रामायण पार्ट 2 के लिए हनुमान बने सनी देओल की पहली झलक वायरल हो गई है। जय श्री राम के उद्घोष और हनुमान चालीसा ने दर्शकों का दिल जीत लिया। रणबीर-यश से ज्यादा उन्हें तालियां मिलीं।
Ramayana Hanuman Entry Viral Scene: नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। अब फिल्म के दूसरे पार्ट में सनी देओल के भगवान हनुमान के किरदार में नजर आने की चर्चा तेज हो गई है। फिल्म के मेकर्स ने 'रामायण' के पोस्ट-क्रेडिट सीन में हनुमान के रूप में सनी देओल की पहली झलक दिखाई है। सनी देओल का हनुमान अवतार सामने आते ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर चर्चा शुरू हो गई। कई यूजर्स का दावा है कि सनी देओल की एंट्री पर दर्शकों ने भगवान राम बने रणबीर कपूर और रावण बने यश से भी ज्यादा शोर मचाया।
रामायण पार्ट 2 में हनुमान बने सनी देओल की पहली झलक
- 'रामायण' के पोस्ट-क्रेडिट सीन में सनी देओल की एंट्री को बेहद खास अंदाज में दिखाया गया है। इस सीन की शुरुआत जंगल के जंगली जानवरों के इधर-उधर भागने से होती है।
- जानवरों की हलचल से ऐसा महसूस होता है कि कोई शक्तिशाली दिव्य किरदार आने वाला है। इसके बाद भगवान हनुमान के रूप में सनी देओल की झलक दिखाई जाती है।
- हालांकि, इस सीन में उनका चेहरा नहीं दिखाया गया है, लेकिन उन्हें आसमान में उड़ते हुए 'जय श्री राम' का उद्घोष करते हुए देखा जा सकता है। इस छोटी सी झलक ने दर्शकों के बीच फिल्म के दूसरे पार्ट को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है।
सनी देओल की हनुमान एंट्री के लिए 5 गायकों ने गाया हनुमान चालीसा
सनी देओल के हनुमान अवतार को खास बनाने के लिए मेकर्स ने भक्ति संगीत का भी शानदार इस्तेमाल किया है। इस सीन में कैलाश खेर, शंकर महादेवन, दिलजीत दोसांझ, सुखविंदर सिंह और मोहित चौहान जैसे पांच मशहूर गायकों ने एक साथ अपनी आवाज दी है। इन पांचों गायकों ने हनुमान चालीसा की भक्ति को अपने गायन के जरिए जीवंत किया है। सनी देओल की दमदार एंट्री और बैकग्राउंड में बजती हनुमान चालीसा ने इस सीन को और प्रभावशाली बना दिया है।
रामायण में सनी देओल की एंट्री पर सोशल मीडिया यूजर्स की प्रतिक्रिया
- सनी देओल के हनुमान अवतार की क्लिप सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वायरल हो गई है। यूजर्स उनकी एंट्री की जमकर तारीफ कर रहे हैं। कई लोगों ने इसे फिल्म का सबसे शानदार पल बताया है।
- एक यूजर ने लिखा, “हनुमान जी के रूप में सनी देओल की एंट्री! वे 'जय श्री राम' कहते हैं और बैकग्राउंड में हनुमान चालीसा बजती है। यह तो एकदम शानदार है!”
- एक अन्य यूजर ने लिखा, “बड़ा सरप्राइज! #रामायण के एंड क्रेडिट्स में भगवान हनुमान के रूप में @iamsunnydeol! और क्या शानदार एंट्री है! इस दमदार कलाकार ने अपने खास अंदाज और ऊर्जा के साथ इस दिव्य किरदार में जान डाल दी है। क्या इस कैमियो को देखकर आपके रोंगटे खड़े हो गए?”
रणबीर कपूर और यश से ज्यादा सनी देओल को मिलीं तालियां?
- एक सोशल मीडिया यूजर ने सनी देओल की एंट्री की तुलना रणबीर कपूर और यश के किरदारों से की। यूजर ने लिखा, “#गदर2 की ऐतिहासिक सफलता के बाद #सनीदेओल के लिए यह क्या बेहतरीन समय है! #रामायणपार्ट1 में हनुमान जी के रूप में उनकी कुछ सेकंड की क्लिप ने तो कमाल कर दिया। सनी देओल को #रणबीरकपूर और #यश से भी ज्यादा तालियां और चीयर्स मिलीं। 2027 में जब #रामायणपार्ट2 आएगी, तब सनी देओल की सबसे ज्यादा चर्चा होगी।”
- सनी देओल के एक फैन ने भी उनके हनुमान अवतार की तारीफ करते हुए लिखा कि फिल्म में उनकी एंट्री शानदार है। उनके मुताबिक, सनी देओल का व्यक्तित्व, विशाल शरीर, दमदार काया और स्क्रीन पर उनकी जबरदस्त मौजूदगी उन्हें भगवान हनुमान के किरदार के लिए बिल्कुल सही बनाती है।
- फैन ने आगे लिखा, “जैसे ही वे स्क्रीन पर आते हैं, पूरा माहौल ही बदल जाता है। उनका दमदार व्यक्तित्व, गठीला शरीर, प्रभावशाली मौजूदगी और भव्य अंदाज देखकर रोंगटे खड़े हो जाते हैं।”
- उन्होंने कहा कि सनी देओल हमेशा से अपनी शानदार स्क्रीन प्रेजेंस के लिए जाने जाते रहे हैं, लेकिन इस अवतार में वह एक अलग ही स्तर पर नजर आते हैं। वह ताकत, भक्ति और शक्ति की मिसाल लग रहे हैं।






