Ramayana की रिलीज के बीच सनी देओल अचानक भीड़भाड़ से दूर अपने फॉर्महाउस पर पहुंचे। यहां से उन्होंने एक वीडियो शेयर किया है, जिसे देख हर कोई इमोशनल हो गया।
फिल्म रामायण की रिलीज के बीच सनी देओल अपने दिवंगत पिता और दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को याद कर इमोशनल हो गए। सनी अपने बेटे राजवीर देओल के साथ लोनावला स्थित उसी फार्महाउस में पहुंचे, जहां उनके पिता ने अपनी जिंदगी के आखिरी दिन बिताए थे। सनी देओल ने सोशल मीडिया पर एक इमोशनल वीडियो भी शेयर किया। वीडियो के साथ सनी ने लिखा, “मिसिंग यू पापा।” इस पोस्ट के जरिए उन्होंने पिता के प्रति अपना प्यार जाहिर किया।
सनी देओल ने बेटे राजवीर के साथ शेयर किया फार्महाउस का वीडियो
- सनी देओल ने इंस्टाग्राम पर जो वीडियो शेयर किया है, उसमें खेतों में खेती-बाड़ी और फसल से जुड़े काम होते दिखाई दे रहे हैं।
- सनी और उनके बेटे राजवीर देओल साथ खड़े होकर ये सब देखते नजर आ रहे हैं। वीडियो में सनी इस जगह को “पापा का फार्म” कहते हैं।
- इस वीडियो को और भावुक बनाने के लिए बैकग्राउंड में सनी देओल की साल 2007 में रिलीज हुई पारिवारिक ड्रामा फिल्म ‘अपने’ का टाइटल ट्रैक सुनाई दे रहा है।
- इस वीडियो और सनी देओल के दिए कैप्शन ने धर्मेंद्र की यादों को एक बार फिर ताजा कर दिया है।
लोनावला में धर्मेंद्र का 100 एकड़ में फार्महाउस
- मुंबई के पास लोनावला-खंडाला की पहाड़ियों में स्थित धर्मेंद्र का फार्महाउस लगभग 100 एकड़ में फैला हुआ है।
- यह जगह धर्मेंद्र के लिए फिल्म इंडस्ट्री की व्यस्त जिंदगी से दूर सुकून पाने का ठिकाना थी। फार्महाउस लकड़ी और पत्थरों से बना है।
- यहां बैठने के लिए बड़े-बड़े स्थान, एक हीटेड स्विमिंग पूल और ऑर्गेनिक खेती की व्यवस्था है।
- धर्मेंद्र खुद इस फार्महाउस में फल और सब्जियां उगाया करते थे।
- वह अक्सर सोशल मीडिया पर इस जगह की तस्वीरें और वीडियो साझा करते रहते थे, जिससे उनके प्रशंसकों को उनके शांत और प्रकृति से जुड़े जीवन की झलक मिलती थी।
24 नवंबर 2025 को हुआ था धर्मेंद्र का निधन
दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का 24 नवंबर 2025 को 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। उन्होंने मुंबई स्थित अपने आवास पर उम्र से जुड़ी बीमारियों के कारण अंतिम सांस ली थी। धर्मेंद्र भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के सबसे लोकप्रिय अभिनेताओं में से एक रहे। उनकी फिल्मी यात्रा और अभिनय ने कई पीढ़ियों के दर्शकों को प्रभावित किया। युद्ध पर आधारित ड्रामा फिल्म ‘इक्कीस’ बड़े पर्दे पर उनकी आखिरी फिल्म थी।
‘रामायण: राइज ऑफ ए लीजेंड’ में नजर आएंगे सनी देओल
इस बीच, सनी देओल हाल ही में नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण: राइज ऑफ ए लीजेंड’ के पोस्ट-क्रेडिट सीन में दिखाई दिए। फिल्म का पहला भाग भगवान हनुमान के पूरी तरह से प्रवेश करने से पहले की कहानी पर फोकस्ड है। वहीं, दूसरे भाग में सनी देओल हनुमान के अवतार में नजर आएंगे। फिल्म का सेकेंड पार्ट 2027 में दिवाली पर रिलीज हो सकता है। इस मूवी में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, रवि दुबे लक्ष्मण और यश रावण की भूमिका में हैं।






