
मुंबई. टीवी रिएलिटी शो 'कॉमेडी नॉइट्स विद कपिल' और 'द कपिल शर्मा शो' से घर-घर में छा जाने वाले सुनील ग्रोवर आज भी अपने निभाए गए 'गुथ्थी' और डॉ. गुलाटी के किरदार के लिए मशहूर हैं। दर्शकों ने हमेशा कपिल और सुनील दोनों को साथ में बहुत पसंद किया। लेकिन फ्लाइट में हुए दोनों के झगड़े के बाद सुनील ने शो को अलविदा कह दिया था। लेकिन हाल ही में किए उनके ट्वीट ने दर्शकों में उम्मीद जगाई की वे शो में वापसी कर सकते हैं, जिस पर कॉमेडियन ने विराम लगा दिया है।
एक इंटरव्यू में दिया ये बयान
सुनील के एक ट्वीट के बाद ऐसे कयास लगाए जा रहे थे कि सुनील "द कपिल शर्मा शो" में वापसी कर रहे हैं लेकिन कॉमेडियन ने स्पष्ट कर दिया है कि इस बात में कोई सच्चाई नहीं है। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में सुनील ने कहा कि, "मुझे नहीं पता कि लोगों को ऐसा क्यों लग रहा है, क्योंकि मेरा ट्वीट ऐसा कुछ नहीं दर्शाता। इस बात में कोई सच्चाई नहीं है। ऐसा कुछ नहीं होने जा रहा है। हां, फैन्स मेरे ट्वीट पर कमेंट करते जरूर हैं कि मैं वापस आ जाऊं लेकिन आप उन कमेंट्स से कोई खबर तो नहीं बना सकते।"
वापसी की खबरों को बताया निराधार
बातचीत में सुनील ने कहा कि, "ये सारी बातें बिल्कुल निराधार हैं, मैं इन पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता। कहीं से भी किसी भी बात पर कयास लगने लगते हैं और ये बहुत परेशान करता हैं। अगर कुछ होगा तो मैं खुद बताऊंगा।" हालांकि सुनील ने बातों ही बातों में अपने डिजिटल डेब्यू कि ओर ईशारा करते हुए कहा, ''कुछ बहुत अच्छा और रोचक होने वाला है, कुछ दिनों में मैं इस बारे में बताऊंगा। ये काम वेब के लिए है, अभी मैं इतना ही बता सकता हूं।"
किया था ये ट्वीट
सुनील ने पहले जो ट्वीट किया था उसमें उन्होंने लिखा था, "सब वापस आने वाला है, कुछ भी हमेशा के लिए नहीं रहने वाला, इसलिए धैर्य रखिए, यही तो इस जीवन की चाबी है। और हां, खूब हंसिये। बाकि....मेरे हसबैंड मुझको....।"
2017 में हुआ था दोनों में मनमुटाव
साल 2017 में फ्लाइट में हुए कपिल और सुनील के बीच हुए झगड़े के बाद सुनील ने कपिल का शो छोड़ दिया था। खबरें आई थीं कि उस दिन कपिल शर्मा फ्लाइट में काफी नशे में थे और उन्होंने सुनील की ओर जूता फेंक दिया था। सुनील ग्रोवर के शो को छोड़ने के बाद शो की टीआरपी में काफी गिरावट आ गई थी और कपिल भी डिप्रेशन में आ गए थे। बाद में शो को बंद भी करना पड़ गया था। इसके बाद करीब एक साल बाद टीवी पर कपिल की वापसी सलमान खान ने कराई।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।