3 साल की बच्ची से दुष्कर्म और हत्या का आरोपी गिरफ्तार, पुलिस मुठभेड़ में पैर में लगी गोली

लखीमपुर खीरी के सिंगाही थाना क्षेत्र के एक गांव से बुधवार को लापता हुई तीन वर्षीय बच्ची का शव गुरुवार सुबह गन्ने के खेत में मिला था। पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मासूम बच्ची की दुष्कर्म के बाद गला दबाकर हत्या की गई थी. 

Asianet News Hindi | Published : Sep 4, 2020 12:28 PM IST / Updated: Sep 04 2020, 06:01 PM IST

लखीमपुर खीरी(Uttar Pradesh). लखीमपुर खीरी के सिंगाही थाना क्षेत्र के एक गांव से बुधवार को लापता हुई तीन वर्षीय बच्ची का शव गुरुवार सुबह गन्ने के खेत में मिला था। पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मासूम बच्ची की दुष्कर्म के बाद गला दबाकर हत्या की गई। घटना के बाद मासूम बच्ची के पिता ने गांव के ही लेखराम से पुरानी दुश्मनी होने और शक होने की बात कही थी। इसके बाद पुलिस ने लेखराम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। शुक्रवार दोपहर बाद पुलिस को सूचना लेखराम के बारे में मुखबिर से सूचना मिली। जिसके बाद पुलिस से हुई मुठभेड़ में लेखराम के पीर में गोली लगी है, और उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

मासूम बच्ची के पिता ने बताया था कि उनकी बेटी बुधवार सुबह करीब 10 बजे घर से अचानक लापता हो गई थी। काफी तलाश के बावजूद बुधवार को उसका कुछ पता नहीं चला। गुरुवार सुबह 10:30 बजे गांव के कुछ लोग उसकी तलाश करते हुए गांव की दक्षिण दिशा में पहुंचे तो आबादी से करीब पांच सौ मीटर दूर स्थित निर्मल सिंह के गन्ने के खेत में चकरोड से करीब 60 मीटर दूर शव पड़ा मिला। बच्ची की चप्पलें उसके पैरों के पास पड़ीं थीं और स्कार्फ सिर के पास रखा था। चेहरे पर थोड़ा खून भी लगा था। शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना के दो घंटे बाद एसओ प्रदीप सिंह और सीओ प्रदीप कुमार मौके पर एक साथ पहुंचे।

एसपी ने खुद किया ऑपरेशन को लीड 
मासूम के साथ दरिंदगी करने वाले शख्स को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें बनाई गईं। एसपी सत्येन्द्र कुमार खुद इसकी अगुवाई कर रहे थे। जिसके बाद मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाकर आरोपी लेखराम को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पैर में गोली लगी है, वहीं एक सिपाही भी घायल बताया गया है। जिले में तीन हफ्ते में इस प्रकार का यह तीसरा मामला सामने आया है।

तीन हफ्ते में हुईं तीन घटनाएं 
गौरतलब है कि लखीमपुर में पिछले 20 दिनों में ये तीसरी वारदात है, इससे पहले जिले में एक 13 साल की लड़की के साथ बलात्कार के बाद उसकी हत्या कर दी गयी थी। पुलिस के मुताबिक लड़की दोपहर बाद अपने घर से खेत को गयी थी। शाम तक जब वह नहीं लौटी तो परिजन ने उसकी तलाश शुरू की। गन्ने के एक खेत में उसका शव बरामद हुआ।
दोनों घटनाएं पिछले महीने की हैं। इसके बाद विपक्षी कांग्रेस और समाजवादी पार्टी प्रदेश की योगी सरकार पर हमलावर हो गईं और इन दोनों दलों ने कानून-व्यवस्था का मुद्दा उठाया था ।

Share this article
click me!