अलीगढ़: दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष में गई पिता-पुत्री की जान, पुलिस की मौजदूगी में भी चलती रही गोलियां

Published : Jul 10, 2022, 01:17 PM IST
अलीगढ़: दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष में गई पिता-पुत्री की जान, पुलिस की मौजदूगी में भी चलती रही गोलियां

सार

अलीगढ़ के मूसेपुर में दो पक्षों में खूनी संघर्ष सामने आया। घटना में पिता-पुत्री की मौत के साथ ही आधा दर्जन से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। मामले में अभी तक पुलिस 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गांव में भारी संख्या में पुलिस फोर्स की तैनाती है। 

अलीगढ़: जनपद के थाना लोधा क्षेत्र के गांव मूसेपुर में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष सामने आया। यह संघर्ष पुलिस की लापरवाही और शिथिलता का परिणाम बताया जा रहा है। घटना में एक पक्ष के पिता-पुत्री की गोली लगने से मौत हो गई। दोनों ही ओर से हुई फायरिंग और पथराव में आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। आनन-फानन में एसएसपी समेत अन्य पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच रहे हैं। पुलिस ने घटनास्थल से भारी मात्रा में हथियारों को बरामद कर 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। इसी के साथ फरार आरोपियों की तलाश में टीम लगी हुई हैं। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था को बहाल करने के साथ ही पुलिस फोर्स भी की तैनाती कर दी गई है। 

दोनों पक्षों के बीच थी पुरानी रंजिश
प्राप्त जानकारी के अनुसार लोधा क्षेत्र के मूसेपुर निवासी भूरी सिंह और पूर्व प्रधान देवेंद्र सिंह के बीच जमीन को लेकर रंजिश चल रही थी। शुक्रवार की रात को गांव के ही पास सड़क के किनारे भूरी सिंह की होजरी की दुकान में चोरी हो गई। भूरी सिंह ने मामले में शनिवार को पूर्व प्रधान देंवेंद्र, उनके पुत्र ललित और गांव के ही रहने वाले राजू के खिलाफ थाने में तहरीर दी। पुलिस ने तफ्तीश के क्रम में पूर्व प्रधान देवेंद्र, उनके बेटे ललित, राजू को थाने पर बुलाया। तीनों को बिना किसी ठोस कार्रवाई के ही छोड़ दिया गया। इसके बाद रविवार की सुबह भूरी सिंह के बेटे और पूर्व प्रधान देवेंद्र के पक्ष से भूपेंद्र राणा के बीच फिर से कहासुनी शुरू हो गई। मामले में दोनों ही ओर से लोग चौक पर एकत्र हो गए। इस बीच वहां फायरिंग और पथराव शुरू हो गया। 

पुलिस कार्रवाई पर भी उठ रहे सवाल
विवाद के दौरान बीच-बचाव के लिए आई भूरी सिंह की बेटी राधा की मौत गोली लगने से मौके पर ही हो गई। जबकि भूरी सिंह का पुत्र टिंकू, रिंकू, भतीजा प्रवीण, केशव, कुलदीप, संजीव और दूसरे पक्ष के अभिषेक समेत अन्य लोग घायल हो गए। मौके पर पुलिस के पहुंचने के बाद भी फायरिंग होती रही। भूरी सिंह के पक्ष ने आरोप लगाया कि अगर पुलिस चोरी की घटना में ही आरोपियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई करती तो यह घटना न होती। मामले को लेकर अलीगढ़ पुलिस की ओर से जानकारी दी गई कि पड़ोसियों के मध्य विवाद हुआ जो कि आपस में पारिवारिक लोग भी हैं। मामले की सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए 06 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है । मौके पर पिकेट लगा दी गई है, वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। सभी घायल खतरे से पूर्णतया बाहर है। 

'तुम्हारी मां गिर गई और खून बह रहा है' कहकर किशोरी को बाहर ले गया आरोपी, असलहे दिखाकर बनाया हैवानियत का शिकार

PREV

उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Recommended Stories

UP Mein Aaj ka Mausam Kaisa Rahega: उत्तर प्रदेश के लखनऊ-कानपुर, आगरा-मेरठ से गोंडा तक तपती गर्मी, राहत के आसार कम
UP Mein Aaj ka Mausam Kaisa Rahega: लखनऊ से प्रयागराज तक गर्मी का कहर, जानें 10 प्रमुख जिलों का मौसम