
श्रावस्ती: सोनवा क्षेत्र के एक गांव में विधवा महिला को खाना देने के बहाने महिला को घर में बुलाकर युवक ने उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला ने जब इसका विरोध किया तो उसकी पिटाई की गई। यही नहीं उसकी दोनों आंखों में धारदार हथियार से वार भी किया गया। वार किए जाने के बाद महिला की आंखों से रक्तस्राव होने लगा और रोशनी भी चली गई। पिटाई के बाद उसे घसीट कर घर से बाहर फेंक दिया गया। आस-पास के लोगों ने इसकी सूचना परिजनों को दी जिसके बाद वह घायल हालत में उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जिला अस्पताल से महिला को बहराइच रेफर कर दिया गया।
दुष्कर्म की आशंका को लेकर दी गई तहरीर
मौके पर पहुंचे एसपी अरविंद कुमार मौर्य ने जानकारी देते हुए बताया कि निरीक्षण कर ग्रामीणों के बयान दर्ज कराए गए हैं। मामले में पीड़िता के परिजनों ने दुष्कर्म की आशंका को लेकर तहरीर दी है। उसके आधार पर मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा है। आपको बता दें कि विधवा महिला गांव के लोगों से ही पेट भरती थी। उसे गांव के ही दिनेश सिंह उर्फ ननकन्ने ने खाना देने के लिए बुलाया। इसके बाद महिला के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया गया। महिला ने जब इसका विरोध किया तो उसकी पिटाई की गई। इस बीच महिला की आंखो को भी फोड़ दिया गया। इसके बाद बेहोशी की हालत में उसे घर से बाहर फेंक दिया गया। मामले की सूचना परिजनों को मिलने के बाद देवर ने इस पूरी घटना से पुलिस को अवगत करवाया।
नाजुक हालत में बहराइच किया गया रेफर
लक्ष्मणनगर पुलिस चौकी के प्रभारी ब्रजेश सिंह की ओर से बताया गया कि महिला को जिला अस्पताल भेजा गया था। हालांकि हालत नाजुक होने के चलते उसे बहराइच रेफर किया गया। मामले में एसपी अरविंद कुमार मौर्य ने बताया कि पीड़िता के पक्ष से मिली तहरीर के अनुसार मुकदमा पंजीकृत हुआ है। तहरीर में दुष्कर्म की आशंका जताई गई है। महिला के आंख, सिर पर चोट के निशान भी हैं।
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।