खेत में न्यूड मिले शव को लेकर 500 मी तक भागी पुलिस, पीछे दौड़ती रही मां, वारदात के समय 200 मीटर दूर थे पिता

यूपी के औरैया जिले में पुलिसकर्मी लड़की का शव लेकर 500 मीटर तक भागे। वहीं किशोरी की मां पीछे-पीछे दौड़ती रही और पिता ने गैंगरेप के बाद हत्या का आरोप लगाया है। 17 साल की बेटी निर्वस्त्र हालत में बाजरे के खेत में मिली थी। 

Asianet News Hindi | Published : Oct 4, 2022 8:29 AM IST

औरैया: उत्तर प्रदेश के जिले औरैया में सोमवार को 17 साल की किशोरी का शव बाजरे के खेत में निर्वस्त्र अवस्था में मिला था। लड़की का शव घर से 500 मीटर की दूरी पर मिला और उसके गले में दुपट्टा लिपटा हुआ था। यह घटना तब हुई जब सुबह आठ बजे खेत में गई थी। पिता ने गैंगरेप के बाद बेटी की हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि नहीं हुई है। किशोरी की रिपोर्ट में गला दबना यानी दम घुटने से मौत की बात सामने आई है। इसके साथ ही उसकी एक आंख पर सूजन और होंठ में दांत के निशान मिले हैं। गांव में लड़की की न्यूड लाश मिलने की खबर पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों भी इकत्रित होने लगे।

पुलिस द्वारा शव को लेकर भागने पर एसपी ने किया खंडन
17 साल की किशोरी निर्वस्त्र अवस्था में मिलने के बाद ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस ने तुरंत शव को बैग में पैक किया और उसके बाद वहां से लेकर भागने लगे। इस दौरान लड़की की मां पीछे-पीछे दौड़ लगाती रही। पुलिस ने करीब 500 मीटर के बाद शव को गाड़ी में रखा और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। दूसरी ओर शव को लेकर भागने की बात पर एसपी चारु निगम ने खंडन करते हुआ कहा कि खेत में शव मिला था, गाड़ी वहां से 500 मीटर दूर थी। ऐसे में पुलिसकर्मी शव को लेकर गाड़ी तक लाए थे।

बेटी की तलाशी करने पर बाजरा के खेत में मिला शव
मृतक किशोरी शहर के दिबियापुर थाना क्षेत्र के गांव में माता-पिता के साथ रहती थी। उसकी दो बड़ी बहनों की शादी हो चुकी है। भाई परिवार के साथ सूरत, गुजरात में रहता है। पीड़िता सुबह करीब आठ बजे गांव के बाहर खेतों में गई थी। इसी दौरान पिता अपने खेतों पर काम करने चला गया, जब वह खेतों से घर लौटा तो बेटी घर में नहीं थी। घरवालों ने खोजबीन शुरू की तो घर से करीब पांच सौ मीटर दूरी पर स्थित एक बाजरे के खेत में किशोरी का शव नग्न हालत में पड़ा था। पिता का कहना है कि जब मैं खेतों से घर लौटा तो बेटी घर पर नहीं मिली। उसकी तलाश शुरू की तो पता चला कि वह खेत की तरफ गई थी। उसके बाद घर से करीब पांच सौ मीटर दूर खेत में नग्न शव मिला। पिता ने आगे बताया कि उसके गले में दुपट्टा लिपटा हुआ था यानी गैंगरेप के बाद उसकी हत्या की गई है।

पुलिस को घटनास्थल से चप्पलों के साथ कपड़े मिले
किशोरी का शव जिस बाजरे के खेत में पड़ा मिला है, वहां आस-पास करीब 200 मीटर तक बाजरा टूटा पड़ा मिला है। इतना ही नही मिट्टी पर घसीटने के निशान भी मिले हैं। इस बात से अंदाजा लगाया जा रहा है कि किशोरी ने मरने से पहले बचने के लिए संघर्ष किया होगा। पुलिस और फॉरेंसिक की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। साथ ही पुलिस को कुछ दूरी पर चप्पल, अंडर गारमेंट्स के अलावा अन्य कपड़े भी मिले हैं। इस मामले के खुलासे के लिए पुलिस ने दस टीमें बनाई हैं, जिसमें सर्विंलास और एसओजी की टीमें भी हैं। 

200 मीटर की दूरी पर पिता कर रहा था खेतों में काम
ग्रामीणों ने बताया कि नवरात्र पर गांव के सामने सड़क और दुर्गा पंडाल लगा है। वहां वह हर रोज सुबह-शाम आरती में जाती थी। इसके अलावा घटनास्थल से 200 मीटर दूरी पर पिता भी खेतों में काम कर रहे थे। किसी ने चीख-पुकार क्यों नहीं सुनी। आईजी प्रशांत कुमार का कहना है कि फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट को देखा नहीं हैं लेकिन जो पता चला है उसमें दुष्कर्म को लेकर अंदरूनी पार्ट में संघर्ष के निशान नहीं आए हैं। पुलिस हर एंगल पर जांच की जा रही है। उन्होंने आगे कहा कि माता-पिता के अलावा कई ग्रामीणों से अलग-अलग बात की गई है। 

औरैया में रेप के बाद निर्वस्त्र मिली किशोरी की बॉडी, गले में फंदा डालकर दरिंदे ने 200 मीटर घसीटा भी

Share this article
click me!