
आजमगढ़: लोकसभा उपचुनाव को लेकर सभी की नजरे आजमगढ़ सीट पर टिकी हुई हैं। इस सीट पर भोजपुरी एक्टर दिनेश लाल निरहुआ को बीजेपी ने प्रत्याशी बनाया है। इसको लेकर रविवार को निरहुआ प्राचीन शिव मंदिर में हाजिरी लगाने पहुंचे। यहां उन्होंने हवन-पूजन के बाद शिव के चरणों में नामांकन पत्र चढ़ाया। भाजपा प्रत्याशी दिनेश लाल यादव निरहुआ सोमवार सुबह 11 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में अपना नामांकन दाखिल करेंगे।
अखिलेश यादव पर निरहुआ ने कसा तंज
वहीं समाजवादी पार्टी की ओर प्रत्याशी के चयन को लेकर बरकरार सस्पेंस पर दिनेश लाल यादव ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव प्रत्याशी चयन को लेकर कंफ्यूजन में हैं तो ईश्वर की कृपा है। ईश्वर जो चाहेंगे वही होगा। जनता भी चाहती है कि यहां कमल खिल जाए और आजमगढ़ चमकने लगे। आपको बता दें कि सपा की ओर से इस सीट पर कौन चुनाव लड़ रहा है यह फाइनल नहीं हो पाया है। इसको लेकर आधिकारिक घोषणा भी नहीं की गई है।
2019 चुनाव में निरहुआ को मिली थी हार
निरहुआ ने एक गाना गाकर भी अखिलेश यादव पर तंज कसा। उन्होंने गाया कि अखिलेश हुए फरार, निरहुआ डटल रहे। यह गाना सोशल मीडिया पर तेजी के साथ वायरल हो रहा है। ज्ञात हो कि इससे पहले 2019 के लोकसभा चुनाव में भी भाजपा ने आजमगढ़ सीट से उन्हें चुनाव में उतारा था। लेकिन अखिलेश यादव से मुकाबले में उन्हें 2 लाख 59 हजार 874 मतों से हार का सामना करना पड़ा था। 2014 में भाजपा प्रत्याशी रमाकांत यादव भी इस सीट से सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव से चुनाव हार गए थे। इससे पहले अखिलेश यादव ने करहल सीट से विधानसभा चुनाव जीतने के बाद लोकसभा सीट से इस्तीफा दे दिया था।
कानपुर हिंसा के बाद पुलिस का एक्शन जारी, 3 एफआईआर दर्ज और अब तक 35 की हुई गिरफ्तारी
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।