बागपत: 50 घंटे बाद भी मासूम को ढूंढने में नाकाम रही पुलिस, CCTV और डाग स्क्वॉड को भी नहीं मिला सुराग

Published : Dec 18, 2022, 02:38 PM IST
बागपत: 50 घंटे बाद भी मासूम को ढूंढने में नाकाम रही पुलिस, CCTV और डाग स्क्वॉड को भी नहीं मिला सुराग

सार

यूपी के बागपत में बीते 50 घंटे से लापता हुए मासूम का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। पुलिस डॉग स्क्वॉड की मदद से बच्चे को तलाश कर रहे हैं। बता दें कि ट्यूशन से वापस घर लौटने के दौरान मासूम लापता हो गया था।

बागपत: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में खेकड़ा क्षेत्र के फखरपुर गांव से लापता 7 साल के मासूम का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस सात वर्षीय सूर्यांश की तलाश कर रही है। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए आईजी भी फखरपुर गांव पहुंचे। इसके बाद उन्होंने सूर्यांश के परिजनों से बात की। इसके अलावा उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कार्रवाई के बारे में पूछताछ की। बता दें कि बीते 15 दिसंबर की शाम को सोहनबीर का सात साल का बेटा सूर्यांश लापता हो गया था। घटना के दौरान वह ट्यूशन पढ़कर वापस आ रहा था। लापता होने पर सूर्यांश के बाबा जगबीर सिंह ने थाने में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तभी से पुलिस गांव में ठेरा डाले हुए हैं। लापता बच्चे का CCTV फुटेज पुलिस के हाथ लगा है। जिसमें वह बैग लेकर घूमता हुआ दिखाई दिया था।

आईजी ने परिवार को दिया आश्वासन
पुलिस डाग स्क्वॉड और ड्रोन कैमरे की मदद से मासूम को तलाशने में जुटी है। बीते शनिवार को डाग स्क्वॉड के जरिये जंगल और गांव के घरों की तलाशी ली गई। वहीं पुलिस ने ग्रामीणों से भी मासूम के बारे में पूछताछ की। लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है। वहीं आईजी प्रवीन कुमार भी गांव पहुंचे। इस दौरान आईजी ने सूर्यांश के परिवार वालों से रंजिश आदि के बारे में पूछा। लेकिन परिजनों ने किसी से रंजिश होने की बात से इंकार कर दिया। आईजी ने पुलिस अधीक्षक और अपर पुलिस अधीक्षक से जल्द से जल्द बच्चे को बरामद करने के निर्देश दिए। आईजी प्रवीन कुमार ने बताया कि पुलिस सभी बिंदुओं पर मामले की जांच कर रही है। लेकिन पुलिस के तमाम कोशिशों के बाद भी सूर्यांश का पता नहीं चल सका। 

गहनता से मामले की जांच में जुटी पुलिस
बता दें कि पुलिस पिछले 50 घंटे से ड्रोन कैमरे और डाग स्क्वॉड के जरिये बच्चे को तलाश कर रही है। वहीं स्थानीय लोग भी पुलिस को पूरा सहयोग कर रहे हैं। पुलिस और स्थानीय लोग बच्चा चोरी होने का शक जता रहे हैं। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि गांव में 15 दिसंबर को 8-10 अनजान लोग घूमते दिखाई दिए थे। आशंका है कि वही लोग सूर्यांश को उठाकर ले गए हों। सीओ विजय चौधरी ने बताया कि पुलिस परिजनों और ग्रामीणों द्वारा दी गई जानकारी की गहनता से जांच कर रही है। फखरपुर गांव के आसपास बसे कई गड़रिया, लौहरों के तंबुओं को भी पुलिस ने खंगाला है। वहीं बीते शनिवार को 50 से अधिक घरों में पुलिसकर्मी डाग स्क्वॉड के साथ पहुंचे। इस दौरान फर्श आदि को बारीकी से चेक किया गया। वहीं परिवार वाले जल्द से जल्द बच्चे को बरामद करने की गुहार लगा रहे हैं।

बागपत पुलिस खोज रही मुर्दे की खाट, परिजन बोले- नहीं मिलेगी बेटी की आत्मा को शांति

PREV

उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Recommended Stories

1 अगस्त 2026 मौसम अपडेट: दिल्ली-NCR से यूपी तक 7 राज्यों में बारिश का नया अलर्ट, जानिए आपके शहर में कैसा रहेगा मौसम
UP Police Result 2026 Out: 76184 अभ्यर्थी अगले चरण के लिए चयनित, जानें कटऑफ, DV-PST डेट और रिजल्ट डाउनलोड करने का तरीका