
मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश). बीजेपी के बड़बोले विधायक विक्रम सिंह सैनी का एक और विवादित बयान सामने आया है। उन्होंने भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू और उनके परिवार पर आपत्तिजनक टिप्पणी की है। विक्रम सिंह ने नेहरू और उनके परिवार को अय्याश बताया है। बीजेपी विधायक ने यह बयान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर मनाए जा रहे सेवा सप्ताह कार्यक्रम के दौरान दिया।
मामला खतौली विधानसभा क्षेत्र का है। यहां तहसील परिसर में पूर्व प्रस्तावित तहसील दिवस कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के अधिकारी जन समस्याएं सुन रहे थे। तहसील दिवस को पीएम मोदी के जन्मदिन को लेकर चलाए जा रहे सेवा सप्ताह के रूप में भी मनाया जा रहा था। इस संयुक्त कार्यक्रम में बीजेपी विधायक विक्रम सिंह सैनी ने पहुंच सबसे पहले वृक्षारोपण किया। उसके बाद लोगों को ट्रैफिक के नियमों का पालन करने की सलाह दी। साथ ही हेलमेट पहनने के फायदे भी बताए। इसी दौरान उन्होंने नेहरू और उनके परिवार पर आपत्तिजनक टिप्पणी की।
फेसबुक पर विधायक ने किया था ये कमेंट
बता दें, विधायक विक्रम सिंह ने सबसे पहले अपने फेसबुक पेज पर नेहरू को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फोटो पोस्ट की थी, जिसमें एक महिला मोदी को तिरछी नजर से देख रही है। फोटो के साथ विधायक ने लिखा, मोदीजी को तो बस भारत माता का वैभव दिखाई देता है और कुछ नहीं। जय हो भारत माता के लाल। गलत नजर न डाल पगली, मोदी हैं नेहरू नहीं।
कांग्रेस ने की मांगी मांगने की मांग
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सतयेंद्र त्रिपाठी ने कहा, नेहरू और उनकी फैमिली का देश की आजादी में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। लेकिन बीजेपी के छोटे नेताओं को इसके बारे में नहीं पता। इसलिए वो ऐसी टिप्पणी करते हैं। विधायक विक्रम सैनी का ये बयान निंदनीय है। उन्हें और पूरी बीजेपी पार्टी को इसके लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।