यूपी की 11 सीटों पर विधानसभा उपचुनाव का मतदान जारी, पहले 2 घंटे में नहीं दिखा मतदाताओं में उत्साह

उत्तर प्रदेश में विधानसभा की 11 सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान शुरु हो गया है। पहले 2 घंटे में मतदान की गति काफी धीमी रही। 

Asianet News Hindi | Published : Oct 21, 2019 4:17 AM IST

लखनऊ( Uttar Pradesh ). उत्तर प्रदेश में विधानसभा की 11 सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान शुरु हो गया है। पहले 2 घंटे में मतदान की गति काफी धीमी रही। मतदाताओं में लोकसभा चुनाव जैसी गर्मजोशी अभी तक इस उपचुनाव में नहीं दिखी है। कई जगह पर ईवीएम में खराबी के बाद उनको बदला भी गया। मतदान सात बजे शुरू हो गया है जो कि शाम छह बजे तक चलेगा।

गौरतलब है कि प्रदेश में विधानसभा की 11 सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान चल रहा है। इसमें गंगोह (सहारनपुर), रामपुर, इगलास (अलीगढ़), लखनऊ कैंट, गोविंदनगर (कानपुर), मानिकपुर (चित्रकूट), प्रतापगढ़, जैदपुर (बाराबंकी), जलालपुर (अंबेडकरनगर), बलहा (बहराइच) तथा घोसी (मऊ) विधानसभा क्षेत्र में उप चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। निर्वाचन आयोग ने निष्पक्ष व शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

109 प्रत्याशियों की किस्मत होगी ईवीएम में बंद 
उपचुनाव के लिए 11 सीटों पर कुल 109 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनकी किस्मत का फैसला इन सीटों के कुल 41,08,328 मतदाता करेंगे जिनमें 22,13,466 पुरुष, 18,94,724 महिला और 138 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। उपचुनाव के लिए कुल 4529 पोलिंग बूथ और 2307 मतदान केंद्र बनाए हैं। क्रिटिकल बूथों की निगरानी के लिए 429 बूथों पर वेबकास्टिंग भी कराई जा रही है। 

अर्धसैनिक बलों व यूपी पुलिस पर होगी निष्पक्ष मतदान कराने की जिम्मेदारी 
निर्वाचन आयोग ने निष्पक्ष मतदान सम्पन्न कराने के लिए अर्धसैनिक बलों के साथ ही यूपी पुलिस की तैनाती की है। इसके आलावा 21584 मतदान कार्मिक लगाए हैं। 337 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 60 जोनल मजिस्ट्रेट, 471 स्टैटिक मजिस्ट्रेट और 520 माइक्रो ऑब्जर्वर भी तैनात हैं। उपचुनाव में 5435 इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन की कंट्रोल यूनिट, 5435 बैलट यूनिट और 5888 वीवीपैट पर मतदान हो रहा है।

 इन सीटों पर इतने मतदाता डालेंगे वोट 

सीट-        प्रत्याशी- पोलिंग बूथ- मतदाता

मानिकपुर      9         410         338116

प्रतापगढ़      11         368         336989

जैदपुर -        7          445        379827

जलालपुर      13        438        393038

बलहा           11         409       357305

घोसी             11       454          423952

गंगोह -        11         426         369317

रामपुर -         7        428         390636

इगलास -        7        458         374733

लखनऊ कैंट  13       344         385072

गोविंदनगर      9        349         359343
 

Share this article
click me!