गूगल से महिला को पता चला पति का राज, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से मिला सबूत

इंस्पेक्टर अशोक कुमार सरोज ने बताया, प्रयागराज की रहने वाली शिखा ने अपने पति अरविंद के खिलाफ शिकायत दी थी, जिसके आधार पर केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Asianet News Hindi | Published : Sep 19, 2019 1:47 PM IST

लखनऊ (Uttar Pradesh). राजधानी में 2 महीने पहले खुदकुशी करने वालीं रिटायर्ड कोस्ट गार्ड अफसर स्नेहा सिंह कात्यात के पति मनोज के खिलाफ पहली पत्नी ने धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है। पहली पत्नी का आरोप है कि अरविंद ने बिना तलाक लिए दूसरी शादी की थी, जोकि गैरकानूनी है। हैरान करने वाली बात ये है कि उसे ये जानकारी गूगल से हुई।

शादी के 2 महीने बाद ही हो गई थी कोस्ट गार्ड की मौत
बता दें, स्नेहा सिंह कात्यात (30) की दो महीने पहले संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई थी। लखनऊ के पीजीआई के अंसल सिटी स्थित लेवाना सेलेब्रिटी गार्डन अपार्टमेंट में 9वीं मंजिल से गिरकर उनकी मौत हुई थी। वो पाकिस्तान समुद्री सीमा पर तैनात थीं। उन्होंने 6 जुलाई को डिप्टी कमांडेंट पद से अपनी इच्छा से रिटायरमेंट ले लिया था। पत्नी की मौत को अरविंद ने हादसा बताया था। इनकी शादी 30 मई 2019 को हुई थी। 

इस तरह गूगल से खुला दूसरी शादी का राज
मामले में एक नया मोड़ आ गया है। अरविंद की पहली पत्नी शिखा ने पुलिस से शिकायत की है, उसने गैरकानूनी तरीके से दूसरी शादी की। उसने बताया, मुझे पति की दूसरी शादी के बारे में कुछ पता नहीं था। कुछ दिन पहले गूगल पर कुछ सर्च कर रही थी, तभी कोस्ट गार्ड स्नेहा के बारे में पता चला। पूरी खबर पढ़ी तो उसके पति के रूप में अरविंद सिंह का नाम लिखा था। स्नेहा के साथ उसकी फोटो भी लगी थी। खबर पढ़ते ही मेरे पैरों तले मानों जमीन खिसक गई। मैं तुरंत पिता के साथ लखनऊ आई और पीजीआई पुलिस से मिली। जहां अरविंद की दूसरी शादी की बात सही मिली। स्नेहा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी निकलवाई, तो उसमें भी पति की जगह अरविंद का ही नाम लिखा था।

पहली पत्नी ने अरविंद से इसलिए बनाई थी दूरियां  
शिखा के पिता मनोज कुमार ने बताया, बेटी की शादी 24 नवंबर 2013 को प्रतापगढ़ के कंधई स्थित अंतपुर गांव के रहने वाले अरविंद से की थी। उस समय वो जिंदल स्टील एंड पॉवर लिमिटेड कंपनी में पॉयलट के पद पर तैनात था। शादी के कुछ दिन बाद ही अरविंद ने दहेज की मांग लेकर बेटी को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। बेटी ने कंपनी के प्रबंधन से इसकी शिकायत कर दी, जिसके बाद अरविंद ने नौकरी छोड़ दी। बेटी हमारे पास प्रयागराज आकर रहने लगी। हमने अरविंद, उसके पिता और मां के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज करा दिया। यही नहीं, कोर्ट में भी गुजारा भत्ता के लिए अर्जी दाखिल कर दी। 

अरविंद ने ऐसे की थी दूसरी शादी
उन्होंने बताया, नौकरी छूटने के बाद अरविंद पीजीआई स्थित अंसल सिटी में लेवाना सिलेब्रिटी गार्डन अपार्टमेंट में भाई अजय के साथ रहने लगा। बीते दिनों बेटी को पता चला कि अरविंद ने दूसरी शादी कर ली। खोजबीन में पता चला कि उसने 30 मई 2019 को पिथौरागढ़ की रहने वाली स्नेहा से शादी की थी, जिसमें उसकी मां, भाई और भाभी शामिल हुए थे। मामले को लेकर हमने पीजीआई थाने में अरविंद के खिलाफ केस दर्ज कराया है। 

पुलिस का क्या है कहना
इंस्पेक्टर अशोक कुमार सरोज ने बताया, प्रयागराज की रहने वाली शिखा ने अपने पति अरविंद के खिलाफ शिकायत दी थी, जिसके आधार पर केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Share this article
click me!