
एटा: यूपी के एटा जनपद में बाघ के आने से दहशत फैल गई है। यहां शीतलपुर ब्लॉक क्षेत्र के गांव नगला समल में रविवार को सुबह बाघ के आने के बाद लोगों में दहशत का माहौल देखा गया। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। जिसके बाद बाघ को पकड़ने के लिए वन विभाग की टीम को मौके पर बुलाया गया।
मौके पर पुलिस भी पहुंची
शीतलपुर ब्लॉक के नगला समल में रविवार को सुबह बाघ को देखने के बाद लोग हैरान रह गए। किसी को समझ में नहीं आ रहा था कि गांव में आई इस आफत से कैसे निपटा जाए। जब तक ग्रामीण बाघ के आने से सतर्क हो पाते तब तक उसने दो लोगों पर हमला कर दिया था। इनमें से एक को मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है जबकि दूसरा मामूली रूप से घायल है। गांव वालों ने इस बारे में पुलिस और वन विभाग दोनों को सूचना दी है। लेकिन वन विभाग की टीम बाघ को पकड़ने में असहाय नजर आ रही है। वन विभाग का कहना है कि बाघ को पकड़ने का प्रयास जारी है।
गौरतलब है कि इससे पहले मेरठ के पल्लवपुरम में भी तेंदुए की दस्तक ने लोगों को काफी परेशान किया था। वन्य जीवों के इस तरह से शहरी क्षेत्रों में प्रवेश के बाद स्थानीय लोगों को खासा परेशान देखा जा रहा है। मेरठ में तेंदुए ने एक शिक्षिका के घर पर दस्तक दी थी। जहां वह लॉबी में आराम फरमा रहा था। हालांकि जब वन विभाग की ओर से उसे पकड़ने का प्रयास किया गया तो वह जाल की गांठ खुलने के बाद प्लॉट में पहुंच गया था। इसके बाद अब एटा जनपद में बाघ का कहर देखने को मिला रहा है। बाघ की दस्तक मात्र से ही आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल देखा जा रहा है।
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।