
लखनऊ (Uttar Pradesh). मुंबई से गांधी शांति यात्रा लेकर निकले पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा सोमवार को राजधानी लखनऊ पहुंचे। अखिलेश यादव की मौजूदगी में नागरिकता कानून को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, सीएए पूरी तरह से संविधान के खिलाफ है। कानून में इस तरह के संशोधन की कोई जरूरत नहीं थी। इससे देश में डर, अशांति का माहौल है। बता दें, मुंबई से शुरू हुई गांधी शांति यात्रा का समापन दिल्ली में 30 जनवरी को होगा।
गृहमंत्री अमित शाह को नहीं देना चाहिए था ऐसा बयान
उन्होंने कहा, धर्म के आधार पर कानून बनाने की जरूरत नहीं है। यूपी में लोगों को नागरिकता देने के लिए पहचान करना शुरू हो गया है। सरकार समाज को धर्म के आधार पर बांटना चाहती है। जबकि सरकार का काम लोगों को भय दूर करना होता है। यहां हाल ही में आए गृहमंत्री ने कहा, सीएए किसी भी कीमत पर वापस नहीं होगा। क्या गृहमंत्री को ऐसा बयान देना चाहिए? ये उन्हें शोभा नहीं देता।
सरकार में बैठे लोग एक दिन रोएंगे
वहीं, अखिलेश यादव ने कहा, आज भी याद है वो दिन जब सरकार ने कहा था कि नोटबंदी के बाद आतंकवाद की कमर टूट जाएगी। अवैध ट्रांजेक्शन बंद हो जाएंगे। अब आलम ये है कि अर्थव्यवस्था की डफली फट गई है। सरकार इस सच को छिपाने के लिए हिंसा का सहारा ले रही है। जो लोग आज सरकार में बैठे हैं, वो एक दिन रजाई में मुंह छुपा कर रोएंगे।
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।