
लखीमपुर खीरी: गोला गोकर्णनाथ सीट से उपचुनाव में भाजपा के अमन गिरी ने जीत दर्ज कर ली है। उन्होंने 32 हजार से अधिक वोटों के अंतर से सपा के विनय तिवारी को हराया है। आपको बता दें कि गोला गोकर्णनाथ सीट पर हुए उपचुनाव के लिए रविवार को वोटों की गिनती हुई। यहां भाजपा प्रत्याशी ने कमल खिलाकर जीत को अपने नाम पर दर्ज किया। इस चुनाव में अमन गिरी को तकरीबन 1.20 लाख वोट मिले हैं। वहीं सपा प्रत्याशी को तकरीबन 82 हजार वोट मिले हैं।
अरविंद गिरी के निधन के बाद हुआ था उपचुनाव
ज्ञात हो कि काउंटिंग शुरू होने के दौरान अमन गिरी पहले ही राउंड से आगे रहे। वह गोला गोकर्णनाथ से पूर्व बीजेपी विधायक अरविंद गिरी के बेटे हैं। अरविंद गिरी के निधन के बाद ही यहां उपचुनाव का ऐलान किया गया था। उपचुनाव में भाजपा ने अरविंद गिरी के बेटे को ही प्रत्याशी बनाया और अब चुनाव में अमन गिरी ने जीत दर्ज कर उस विश्वास को सही करार दिया। ज्ञात हो कि अरविंद गिरी का निधन 6 सितंबर को हुआ था।
विजय जुलूस निकालने की अनुमति नहीं
मतगणना के बाद जीते हुए उम्मीदवार को गोला गोकर्णनाथ में जुलूस निकालने पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसको लेकर लखीमपुर खीरी के एसपी संजीव सुमन की ओऱ से जानकारी साझा की घई थी। उन्होंने पूर्व में ही कहा था कि मतगणना स्थल पर काउंटिंग के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे और जीत के बाद विजयी प्रत्याशी जुलूस नहीं निकाल सकेगा। आपको बता दें कि उपचुनाव के दौरान बीजेपी ने इस सीट को जीतने के लिए पूरा दमखम लगाया था। पार्टी की ओर से दिग्गज नेताओं के साथ ही सीएम योगी ने भी पहुंचकर चुनाव प्रचार किया था। हालांकि सपा ने इस उपचुनाव पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया। यही कारण था कि उपचुनाव के दौरान अखिलेश यादव ने चुनाव प्रचार तक नहीं किया।
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।