मेरठ: हस्तिनापुर के भीमकुंड में गंगा नदी में डूबी नाव, सरकारी टीचर समेत 15 लोग थे सवार, कई लापता

यूपी के मेरठ के हस्तिनापुर में मंगलवार सुबह गंगा नदी में नाव डूब जाने के कारण दो दर्जन लोग नदी में डूब गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। कुछ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।  

Asianet News Hindi | Published : Oct 18, 2022 5:07 AM IST / Updated: Oct 18 2022, 10:39 AM IST

मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक बड़ा हादसा सामने आया है। जनपद के हस्तिनापुर क्षेत्र के भीमकुंड गंगा घाट पर आज यानी मंगलवार सुबह नाव डूबने से बड़ा हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि करीब दो दर्जन लोग नाव से गंगा पार कर रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया। नाव के गंगा में डूबते ही मौके पर हड़कंप मच गया। जिसके बाद आनन-फानन में कुछ लोगों को नदी से बाहर निकाला गया। वहीं कई लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। गायब लोगों की तलाश के लिए सर्च अभियान चलाया जा रहा है। 

हादसे से मौके पर मचा हड़कंप
गंगा नदी में हुए हादसे की जानकारी मिलते ही शासन-प्रशासन के अधिकारियों में भी हड़कंप मच गया। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। PAC के गोताखोर भी भेजे गए हैं। भीमकुंड पुल के पास से नाव में सवार होकर 15 से 16 लोग नाव से दूसरी पार जा रहे थे। इसी दौरान नाव गंगा के तेज बहाव में डूब गई। इस हादसे में 5 से 6 लोगों के लापता होने की खबर सामने आ रही है। वहीं मेरठ के जिलाधिकारी दीपक मीणा घटनास्थल पहुंच गए हैं। डीएम ने एनडीआरएफ की टीम को तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं।

गंगा में किया जा रहा अवैध नाव संचालन
बताया जा रहा है कि हस्तिनापुर क्षेत्र के भीमकुंड गंगा घाट पर पुल की एप्रोच रोड टूटने से गंगा में अवैध नाव संचालन किया जा रहा था। मंगलवार सुबह करीब दो दर्जन से अधिक लोग और एक दर्जन मोटरसाइकिल से भरी नाव जैसे ही बीच गंगा की धारा में पहुंची वैसे ही नाव का बैलेंस पूरी तरह से बिगड़ गया। स्थानीय लोगों की मदद से कुछ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस के अलावा आसपास के सैकड़ों लोग भी मौके पर पहुंच गए। प्रशासन ने तेजी से राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया है। वहीं सीएम योगी अदित्यनाथ ने भी घटना पर संज्ञान लिया है।

मेरठ: ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर बीजेपी एमएलसी के आवास पर पहुंचे किसान, धर्मेंद्र भारद्वाज ने कहा- नहीं होगा अन्याय

Share this article
click me!