
मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद के मैनाठेर थाना इलाके में बीते 24 अक्टूबर को डीजल डालकर जलाई गई सीआरपीएफ कर्मी की पत्नी जिंदगी की जंग हार गई। मृतका ने दिल्ली के सफरदरगंज अस्पताल में शनिवार को दम तोड़ दिया। उसकी मौत से पहले पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेजा था। महिला की मौत के मामले में उसके ससुराल वाले फरार है। पुलिस उन सभी की तलाश कर रही है।
शादी के बाद से महिला को दहेज के लिए कर रहे थे प्रताड़ित
दरअसल दिल्ली के निहाल विहार थाना क्षेत्र के मोहल्ला छज्जूमल कॉलोनी नागलोई निवासी निगहत ने करीब दो साल पहले मैनाठेर के गांव नानकार निवासी इंतजार हुसैन से प्रेम विवाह किया था। दोनों की मुलाकात फेसबुक में हुई और दोस्ती के बाद प्यार में बदल गई। इंतजार हुसैन सीआरपीएफ में कार्यरत है। मृतक निगहत की मां शाहिन ने 25 अक्टूबर को मैनाठेर थाने में तहरीर दी थी। जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि उसकी बेटी को पति और उसके परिवार के लोग शादी के बाद से ही दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। कई बार पंचायत होने के बाद भी आरोपियों ने बेटी पर अत्याचार कम नहीं किया था।
महिला की मां की शिकायत पर दर्ज हुआ केस
मृतका की मां का आरोप है कि 24 अक्टूबर को पति और अन्य ससुराल के लोगों ने मिलकर निगहत को कमरे में बंधक बना लिया और मारने पीटने के बाद उसके ऊपर डीजल डालकर आग लगा दी थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी पति इंतजार हुसैन, ससुर जर्जार, सास आसमा, ननद नजमा, नंदोई हारुन, जेठ इंतकाब और जेठानी शाहिन के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, मारपीट और जानलेवा हमले का केस दर्ज किया गया था। वहीं मुरादाबाद से गंभीर हालत में निगहत को दिल्ली रेफर कर दिया गया था पर शनिवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इसकी पुष्टि परिवार समेत पुलिस ने भी की है।
युवक शादी के लिए करना लगा था मना
शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी पति इंतजार हुसैन को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया था और उसके बाद उसको जेल भेज दिया गया था। निगहत और इंतजार हुसैन के बीच फेसबुक के जरिए दोस्ती हुई थी। आरोपी पति ने मृतका निगहत को शादी करने का झांसा दिया था लेकिन बाद में इंतजार हुसैन ने शादी करने से इनकार कर दिया था। ऐसा बताया जा रहा है कि निगहत की ओर से पुलिस से शिकायत की गई थी। इसी के बाद इंतजार शादी करने को तैयार हुआ था।
अब रामलला की मुख्य तीन आरती में शामिल हो सकेंगे भक्त, जानिए कितना बढ़ाया गया दर्शन करने का टाइम
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।