माघ मेले में 15 दिन बंद रहेगा प्रयागघाट स्टेशन, प्रयाग से संगम तक यात्रियों को जाना पड़ेगा पैदल

माघ मेला 2020 के प्रमुख स्नान पर्वों पर अवध से ट्रेन से आने वाले श्रद्धालुओं को प्रयाग स्टेशन से संगम तक पैदल यात्रा करनी पड़ेगी। आम दिनों में प्रयागघाट जाने वाली ट्रेनें माघ मेला के प्रमुख स्नान पर्वों पर प्रयाग तक ही जाएंगी

Asianet News Hindi | Published : Jan 5, 2020 5:43 AM IST / Updated: Jan 05 2020, 11:58 AM IST

प्रयागराज(Uttar Pradesh ). माघ मेला के प्रमुख स्नान पर्वों पर अवध से ट्रेन से आने वाले श्रद्धालुओं को प्रयाग स्टेशन से संगम तक पैदल यात्रा करनी पड़ेगी। आम दिनों में प्रयागघाट जाने वाली ट्रेनें माघ मेला के प्रमुख स्नान पर्वों पर प्रयाग तक ही जाएंगी। माघमेले के प्रमुख स्नान पर्वों पर प्रयागघाट स्टेशन 15 दिन के लिए बंद रहेगा।

अवध से स्नानार्थियों की भीड़ के दबाव को कम करने के लिए माघ मेला के दौरान प्रयागघाट स्टेशन प्रमुख स्नान पर्वों पर बंद किया गया है। प्रयागघाट स्टेशन प्रमुख स्नान पर्वों पर बंद होने के कारण स्नानार्थियों को प्रयाग स्टेशन से संगम क्षेत्र तक पैदल ही जाना पड़ेगा। इसके लिए रेल प्रशासन ने अंतिम निर्णय ले लिया है। प्रयागघाट स्टेशन बंद होने के कारण कई प्रमुख ट्रेने प्रभावित होंगी। 

जाने कौन सी ट्रेने होंगी प्रभावित                                              
54101 प्रयागघाट-कानपुर, 54213 प्रयागघाट-जौनपुर सवारी , 14511 नौचंदी एक्सप्रेस,75116 प्रयागघाट-गाजीपुर सिटी,14233 सरयू एक्सप्रेस,14307 प्रयागघाट-बरेली सवारी,54337 प्रयागघाट-बरेली पैसेंजर,54371  प्रयागघाट- फैजाबाद पैसेंजर,14215 गंगा-गोमती एक्सप्रेस,54373  प्रयागघाट -फैजाबाद,54375 प्रयागघाट- जौनपुर सवारी,14217 ऊंचाहार एक्सप्रेस,54252  प्रयागघाट- लखनऊ,14209 ,प्रयागघाट- लखनऊ इंटरसिटी, 14101  प्रयागघाट-कानपुर सेंट्रल ट्रेन प्रभावित रहेंगी। इन ट्रेनों से आने वाले स्नानार्थियों को प्रयाग स्टेशन से पैदल ही संगम तक सफर तय करना होगा। 
 
इन दिनों में बंद रहेगा प्रयागघाट स्टेशन 
प्रयाग के स्टेशन अधीक्षक संजय कुमार ने बताया कि प्रयागघाट तक जाने वाली ट्रेन को प्रयाग स्टेशन पर खाली कराया जाएगा। खाली ट्रेनें साफ-सफाई के लिए प्रयागघाट जाएंगी। प्रमुख स्नान पर्वों के एक दिन पहले से एक दिन बाद तक स्टेशन पर आवागमन नहीं होगा। जिन तिथियों को स्टेशन बंद रहेगा उसमे पौष पूर्णिमा पर 9 जनवरी से 11 जनवरी तक, मकर संक्रांति पर 14 से 16 जनवरी तक, मौनी अमावस्या पर 23 से 25 जनवरी तक,बसंत पंचमी पर 29 से 31 जनवरी और माघी पूर्णिमा पर 8 से 10 फरवरी तक प्रयाघाट स्टेशन बंद रहेगा। 

मौनी अमावस्या पर प्रयाग से चलेंगी चार स्पेशल ट्रेनें 
माघ मेला के सबसे बड़े स्नान पर्व मौनी अमावस्या के दिन प्रयाग स्टेशन से चार स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। प्रयाग से चलने वाली ट्रेनों के रेक प्रयाग स्टेशन पर आएंगे। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए चार स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। अधिकतर ट्रेनें फैजाबाद रूट पर चलाने पर विचार हो रहा है।

Share this article
click me!