नहीं रहे मुलायम सिंह यादव, समाजवाद के एक युग का अंत, PM मोदी ने किया tweet-एक विलक्षण व्यक्तित्व के धनी थे

 मुलायम सिंह यादव का सोमवार(10 अक्टूबर) को लंबी बीमारी के चलते निधन हो गया। उनके निधन से राजनीति गलियारों में शोक की लहर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक जताते हुए  tweet करके लिखा कि मुलायम सिंह यादव एक विलक्षण व्यक्तित्व के धनी थे। 

Amitabh Budholiya | Published : Oct 10, 2022 4:53 AM IST / Updated: Oct 10 2022, 01:18 PM IST

नई दिल्ली. देश में समाजवाद के दिग्गज नेताओं में शुमार उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव(Mulayam Singh Yadav) का सोमवार(10 अक्टूबर) को लंबी बीमारी के चलते निधन हो गया। उनके निधन से राजनीति गलियारों में शोक की लहर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर शोक जताते हुए उनके साथ अपनी दो पुरानी-यादगार तस्वीरें शेयर की हैं। मोदी ने tweet करके लिखा कि मुलायम सिंह यादव जी एक विलक्षण व्यक्तित्व के धनी थे। उन्हें एक विनम्र और जमीन से जुड़े नेता के रूप में व्यापक रूप से सराहा गया, जो लोगों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील थे। उन्होंने लगन से लोगों की सेवा की और लोकनायक जेपी और डॉ. लोहिया के आदर्शों को लोकप्रिय बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उत्तर प्रदेश सरकार ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर तीन दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कहना है कि उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।

pic.twitter.com/kFtDHP40q9

बता दें कि समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव का लंबे समय से गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में इलाज चल रहा था। 82 वर्षीय मुलायम सिंह यादव को रविवार 2 अक्टूबर को उनकी हालत बिगड़ने पर उन्हें क्रिटिकल केयर यूनिट में स्थानांतरित कर दिया गया था, जिसके बाद उनकी हालत में कोई खास सुधार देखने को नहीं मिला था। प्रधानमंत्री मोदी ने योगी आदित्यनाथ से उनकी सेहत की जानकारी ली थी। साथ ही अखिलेश यादव से भी बात की थी।

देशभर से श्रद्धांजलियां

राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने कहा-मुलायम सिंह यादव का निधन देश के लिए अपूरणीय क्षति है। साधारण परिवेश से आए मुलायम सिंह यादव जी की उपलब्धियां असाधारण थीं। ‘धरती पुत्र’ मुलायम जी जमीन से जुड़े दिग्गज नेता थे। उनका सम्मान सभी दलों के लोग करते थे। उनके परिवार-जन व समर्थकों के प्रति मेरी गहन शोक-संवेदनाएं!

उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा-मुलायम सिंह यादव जी के निधन से गहरा दुख हुआ। वह एक शानदार राजनीतिक नेता थे, जिन्होंने अपना जीवन लोगों की सेवा के लिए समर्पित कर दिया।

पूर्व उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने कहा-मुलायम सिंह यादव के साथ मेरा कई वर्षों से पुराना जुड़ाव रहा है। वह राष्ट्रीय राजनीति के दिग्गज और जनता के जमीनी नेता थे।

कांग्रेस ने अपने twitter पर लिखा-समाजवादी पार्टी के संरक्षक, देश के पूर्व रक्षा मंत्री और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव जी का निधन भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उनके परिवार एवं समर्थकों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने दुख व्यक्त किया-मुलायम सिंह यादव जी के निधन का दुखद समाचार मिला। भारतीय राजनीति में UP के पूर्व मुख्यमंत्री, भारत सरकार के रक्षामंत्री व सामाजिक न्याय के सशक्त पैरोकार के रूप में उनका योगदान याद रखा जाएगा।

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा-राजनीति में विरोधी होने के बावजूद मुलायम सिंह जी से सबसे अच्छे संबंध थे। जब भी उनसे भेंट होती, तो वे बड़े खुले मन से अनेक विषयों पर बात करते। अनेक अवसरों पर उनसे बातचीत मेरी स्मृति में सदैव तरोताजा रहेगी। दु:ख की इस घड़ी में उनके परिजनों एवं समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा-उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी नेता मुलायम सिंह यादव जी के निधन का दुखद समाचार मिला। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें एवं उनके सभी प्रशंसकों और परिजनों को ये अपार दुख सहने की शक्ति दें। ॐ शांति।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा-मुलायम सिंह यादव जी अपने अद्वितीय राजनीतिक कौशल से दशकों तक राजनीति में सक्रिय रहे। आपातकाल में उन्होंने लोकतंत्र की पुर्नस्थापना के लिए बुलंद आवाज उठाई। वह सदैव एक जमीन से जुड़े जननेता के रूप में याद किए जाएंगे। उनका निधन भारतीय राजनीति के एक युग का अंत है। दु:ख की इस घड़ी में उनके परिजनों व समर्थकों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने चरणो में स्थान दें। ऊं शांति शांति शांति।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा-समाजवादी नेता और उत्तर प्रदेश के धरती पुत्र मुलायम सिंह यादव नेताजी के निधन का समाचार भारतीय लोकतांत्रिक नींव के एक पत्थर के ढह जाने जैसा है। यूपी के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री के रूप में उन्होंने जनता की सेवा की। वे आजीवन साम्प्रदायिकता के खिलाफ खड़े रहे।

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा-वह हमारे बीच में नहीं रहे इससे हमें काफी दु:ख है। मैं अपनी और हरियाणा सरकार की तरफ से उनके लिए भगवान से शांति की प्रार्थना करता हूं।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा-महान राष्ट्रीय नेता और समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव जी के निधन के बारे में जानकर मुझे गहरा दुख हुआ है। उनका जाना हमारे देश और हमारी राजनीति के लिए एक बड़ी क्षति है। 

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा-नेता जी सबके प्रिय थे, उन्होंने लंबा समय देश के लिए राजनीतिक और सामाजिक दृष्टिकोण से अपना जीवन समर्पित किया। उत्तर प्रदेश और पूरे देश के लिए क्षति है। उनका आशीर्वाद हमेशा मुझे मिला।भगवान उनकी आत्मा को शांति दे और पूरे परिवार को दुख सहन करने की शक्ति दे।

RJD सांसद व नेता मनोज झा ने  कहा-आज एक युग का अंत हुआ है। एक ऐसा युग जिसने राजनीति को राजमहल से मुक्त कर सड़कों, गांवों तक ले गए। मैं समझता हूं कि इस क्षति की भरपाई कोई नहीं कर सकता... भगवान उनके परिवार, समर्थकों को इस दुख को सहन करने की शक्ति दे।

नेशनल कॉन्फ्रेंस प्रमुख फ़ारुख़ अब्दुल्ला ने कहा-वह बड़े नेता थे जिसे देश को जरूरत थी। वह ज़मीन और लोगों से जुड़े नेता थे। वह संसद में ऐसी बातें बोलते थे जो हुकूमत सुन सकती थी। उन्होंने गरीबों को उठाने और उनकी बदहाली दूर करने के लिए अपनी ज़िंदगी दी।

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा-मुलायम जी का निधन बेहद दुखद है। उनका इलाज चल रहा था सब इस आस में थे कि वे वापस इलाज करवाकर लौटेंगे लेकिन यह खबर आई। राजनीतिक दृष्टि से यह एक युग का अंत है।

यह भी पढ़ें
बचपन से राजनीति में आने तक का सफर, इस फिल्म के जरिए जानिए मुलायम सिंह यादव की जिंदगी से जुड़ा हर पहलू
कुश्ती के दांव को पॉलिटिक्स में आजमाने वाले पहले नेता थे मुलायम, पहली बार सीएम बनने के लिए मारा था 'चरखा दांव'
Mulayam Singh Yadav Death: राजनीति शास्त्र में मास्टर थे मुलायम सिंह यादव,सियासत से पहले स्कूल में थे शिक्षक

 

Read more Articles on
Share this article
click me!