यूपी चुनाव: भाजपा के खिलाफ हुईं संघमित्रा मौर्य, फाजिलनगर की जनता से पिता स्वामी प्रसाद का साथ देने की कही बात

Published : Mar 01, 2022, 06:43 PM ISTUpdated : Mar 01, 2022, 06:45 PM IST
यूपी चुनाव: भाजपा के खिलाफ हुईं संघमित्रा मौर्य, फाजिलनगर की जनता से पिता स्वामी प्रसाद का साथ देने की कही बात

सार

यूपी चुनाव के बीच कुशीनगर पहुंची भाजपा सांसद संघमित्रा मौर्य ने बीजेपी के खिलाफ मोर्चा खोला। संघमित्रा मौर्य ने यह बयान पिता स्वामी प्रसाद मौर्य पर हुए हमले के बाद दिया। उन्होंने कहा कि फाजिलनगर की जनता इस चुनाव में स्वामी प्रसाद मौर्य का साथ दे। 

कुशीनगर: यूपी चुनाव के बीच भाजपा सांसद संघमित्रा मौर्य ने कड़े तेवर दिखाते हुए फाजिलनगर की जनता से कहा है कि इस बार वह स्वामी प्रसाद मौर्य का साथ दें। संघमित्रा मौर्य ने कहा कि जब मुझे पता कि पिताजी (स्वामी प्रसाद मौर्य) पर हमला हुआ तो यहां आई। लेकिन पीछे बाजार में हमें भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने घेर गया। पुलिस के पहुंचने पर 5 गाड़ियों से फोर्स लेकर हमें यहां आई है।

आपको बता दें कि मंगलवार 1 मार्च को कुशीनगर में स्वामी प्रसाद मौर्य के काफिले पर हमले का मामला सामने आया।  जनपद के फाजिलनगर विधानसभा से मारपीट की वारदात सामने आई। जानकारी के अनुसार खलवा पट्टी में यह मारपीट हुई। इस दौरान कई गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं। यह हमला स्वामी प्रसाद मौर्य के काफिले पर हुआ। जिसके बाद उनकी बेटी और भाजपा सांसद संघमित्रा मौर्य भी वहां पहुंची। हालांकि संघमित्रा मौर्य ने वहां पहुंचने के साथ ही भाजपा पर जमकर हमला बोला। यही नहीं संघमित्रा ने अपील करते हुए कहा कि फाजिलनगर की जनता इस बार स्वामी का साथ दे। जाहिर तौर पर यहां भाजपा प्रत्याशी को हराने की बात कही गयी। ज्ञात हो कि समाजवादी पार्टी में कुशीनगर के फाजिलनगर विधानसभा सीट से स्वामी प्रसाद मौर्य को प्रत्याशी बनाया है। जबकि बीजेपी ने सुरेंद्र सिंह कुशवाहा को प्रत्याशी बनाया है। 

स्वामी प्रसाद मौर्य के काफिले पर हमले का यह मामला सामने आने के बाद सियासत गर्माई हुई है। जाहिर तौर पर कुशीनगर के फाजिलनगर से सामने आई इस घटना के बाद चुनावी माहौल बदलता सा दिख रहा है। 

प्रतिष्ठा का सवाल बनी फाजिलनगर सीट

यूपी विधानसभा चुनाव में फाजिलनगर विधानसभा सीट सभी के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बनी हुई है। यहां भाजपा छोड़कर आए स्वामी प्रसाद मौर्य पर सपा गठबंधन ने दांव लगाया है। जबकि इस सीट पर लंबे समय से प्रत्याशी बनने का ख्वाब देख रहे सपा नेता और पूर्व जिलाध्यक्ष इलियास अंसारी बगावती तेवर दिखाकर बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा ने इस सीट पर विधायक गंगा सिंह कुशवाहा के बजाय उनके पुत्र सुरेंद्र कुशवाहा पर भरोसा जताया है। कांग्रेस ने सुनील उर्फ मनोज सिंह को उम्मीदवार बनाया है। सियासी जानकारों का कहना है कि इस सीट पर लड़ाई काफी रोमांचक है। ऐसे में कुछ कहा नहीं जा सकता है कि नतीजे क्या होंगे। सपा, भाजपा और अन्य दल भी इस सीट पर जीत दर्ज करने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगाए हुए हैं।

UP Election Info: उत्‍तर प्रदेश व‍िधानसभा चुनाव 2022 में 403 व‍िधानसभा सीट के ल‍िए पहले चरण का मतदान 10 फरवरी, दूसरा चरण 14 फरवरी, तीसरा चरण 20 फरवरी, चौथा चरण 23 फरवरी, पांचवां चरण 27 फरवरी, छठा चरण 3 मार्च और अंतिम चरण का मतदान 7 मार्च को है। कुल 7 चरणों में होगा यूपी में चुनाव। मतगणना 10 मार्च को होगी।

यूपी चुनाव में फाजिलनगर सीट SP-BJP के लिए बनी प्रतिष्ठा का सवाल, एड़ी-चोटी का जोर लगाए हुए हैं सभी प्रत्याशी

यूपी चुनाव के बीच फाजिलनगर में सपा-भाजपा कार्यकर्ताओं में झड़प, कई गाड़ियों के शीशे टूटे

PREV

उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Recommended Stories

खजुराहो में 4 कर्मारियों की रिसॉर्ट में खाना खाने के मौत, सरकार तक मचा हड़कंप
महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद समारोह में CM योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता, प्रो. यूपी सिंह पर पुस्तक का होगा विमोचन