यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने दिया इस्तीफा, बुरी तरह हार के बाद सोनिया गांधी ने दिए थे निर्देश

भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के निर्देश के बाद यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए यूपी कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे रहा हूं।

Asianet News Hindi | Published : Mar 16, 2022 4:01 AM IST / Updated: Mar 16 2022, 09:32 AM IST

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा 2022 में जहां भारतीय जनता पार्टी को प्रचंड जीत के साथ सबसे बड़ी पार्टी उभरकर आयी तो वहीं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा है। जिसके बाद से पार्टी में मंथन जारी है। लेकिन अब उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इसकी जानकारी अजय कुमार लल्लू ने ट्विटर के जरिए दी। उन्होंने इस संबंध में एक ट्वीट लिखा है कि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी के हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए उप्र कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे रहा हूं। मेरे जैसे सामान्य कार्यकर्ता पर भरोसा जताने के लिए शीर्ष नेतृत्व का आभार। कार्यकर्ता के तौर पर आम आदमी के अधिकारों की लड़ाई लड़ता रहूंगा।
 
पार्टी के लिए पूरी निष्ठा से करूंगा काम
अजय लल्लू ने ट्वीट के साथ इस्तीफे पत्र भी साझा किया। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को भेजे गए अपने इस्तीफे में उन्होंने लिखा है कि विधानसभा चुनाव संपन्न हुए हैं। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के समस्त पदाधिकारियों ने इस चुनाव में पूरी मेहनत और लगन से पार्टी के लिए काम किया और साथ ही संगठन को ग्राम स्तर तक पहुंचाया। समय-2 पर सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ संघर्ष किया। लेकिन इस चुनाव में हमें अप्रत्याशित रुप से हार का सामना करना पड़ा। इस हार की मैं नैतिक रूप से जिम्मेदारी लेते हुए अपने अध्यक्ष पद के दायित्व से इस्तीफा दे रहा हूं। आप सब ने मुझ जैसे सामान्य कार्यकर्ता पर भरोसा करते हुए उत्तर प्रदेश का अध्यक्ष बनाया, इसके लिए मैं जीवन भर आभारी रहूंगा। पार्टी के लिए सदैव पूरी निष्ठा से काम करता रहूंगा। 

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांदी ने मांगा था इस्तीफा
बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पांचों राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों से इस्तीफा मांगा था, जिससे कांग्रेस कमेटी का पुनर्गठन हो सके। इस निर्देश के बाद यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। अजय कुमार लल्लू को 2019 में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। सोनिया गांधी ने कांग्रेस कार्य समिति की बैठक के दो दिनों के बाद यह कदम उठाया है। रविवार को हुई कांग्रेस कार्य समिति की बैठक में कांग्रेस नेताओं ने सोनिया गांधी के नेतृत्व में विश्वास जताते हुए कहा था कि वह संगठनात्मक चुनाव पूरा होने तक पद पर बने रहें और पार्टी को मजबूत बनाने के लिए जरूरी कदम उठाएं।

2 हजार से ज्यादा विधवा महिलाओं ने ब्रज में खेली होली, 'सुलभ होप फाउंडेशन' ने किए खास इंतजाम

Read more Articles on
Share this article
click me!