
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत के साथ दोबारा सरकार बनाने की तैयारी में लगी भारतीय जनता पार्टी अब अगले लक्ष्य को भी पाने की जोरदार तैयारी में है। उत्तर प्रदेश में नौ अप्रैल को विधान परिषद की 36 सीट के लिए मतदान होना है। दो चरणों में होने वाले मतदान का परिणाम 12 अप्रैल को आएगा। इसके लिए एक बार फिर से भारतीय जनता पार्टी तथा समाजवादी पार्टी के बीच में सीधी टक्कर तय है।
भाजपा को मिल सकती है बहुमत
उत्तर प्रदेश विधान परिषद के चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी के साथ ही समाजवादी पार्टी ने भी कमर कस ली है। दोनों ही दल उच्च सदन में अपना दबदबा कायम करने के लिए अधिक से अधिक सीटें जीतने के प्रयास में लगेंगे। उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की 36 सीटों के लिए 15 मार्च से नामांकन पत्र भरे जाएंगे। विधानसभा चुनाव के बाद विधान परिषद की 36 सीटों पर चुनाव के बाद यह पहला मौका होगा जब भाजपा की दोबारा सरकार बनने के साथ ही विधान परिषद में भी उसे बहुमत मिल सकता है। अब भाजपा अपने हारे हुए दिग्गज नेताओं को इसके जरिए उच्च सदन भेज सकती है।
पूर्व में यह रहा था परिणाम
उत्तर प्रदेश में पहले विधान परिषद का यह चुनाव विधानसभा चुनाव के साथ ही करवाया जा रहा था, मगर बाद में इन चुनावों को स्थगित कर 15 मार्च से शुरू करने के आदेश जारी किए गए थे। सौ सीटों वाली विधान परिषद में स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्रों की 36 सीटों में वर्ष 2016 के चुनाव में सपा की 31 सीटें आई थीं। इसमें दो सीटों पर पर बसपा जीती थी। रायबरेली से कांग्रेस के दिनेश प्रताप सिंहजीते थे। बनारस से बृजेश कुमार सिंहव गाजीपुर से विशाल सिंह चुने गए थे। दिनेश प्रताप सिंहबाद में भाजपा में शामिल हो गए थे।
पहले चरण में 30 व दूसरे चरण में छह सीटों के लिए चुनाव नौ अप्रैल को होगा। पहले चरण का नामांकन 15 मार्च से शुरू होकर 19 मार्च तक चलेगा। 21 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 23 मार्च तक नामांकन वापस लिए जा सकेंगे। नौ अप्रैल को मतदान होगा जबकि मतगणना 12 अप्रैल को होगी। दूसरे चरण में छह सीटों के लिए नामांकन 15 मार्च से शुरू होंगे। 22 मार्च नामांकन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि है। 23 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 25 मार्च को नामांकन पत्र वापस लिए जाएंगे। नौ अप्रैल को मतदान होगा। 12 अप्रैल को मतगणना होगी।
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।