बुढ़ापे में हुआ कोरोना तो फैलाने पहुंचा पब, कुछ ही दिन में हो गई मौत

कोरोना वायरस फैलने के कारण जहां लोगों को घरों में रहने के लिए कहा जा रहा है, वहीं जापान का 57 साल का एक शख्स कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बावजूद एक पब में चला गया।

Asianet News Hindi | Published : Mar 21, 2020 9:14 AM IST

हटके डेस्क। कोरोना वायरस फैलने के कारण जहां लोगों को घरों में रहने के लिए कहा जा रहा है, वहीं जापान का 57 साल का एक शख्स कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बावजूद एक पब में चला गया। यह शख्स गामागोरी का रहने वाला था। 4 मार्च को इसके पेरेन्ट्स का भी कोरोना टेस्ट हुआ था, जिसमें वे पॉजिटिव पाए गए थे। इसके बाद इस शख्स का भी टेस्ट हुआ, जिसमें वह कोरोना संक्रमण का शिकार पाया गया। इसे उसी दिन डॉक्टरों ने घर में ही रहने के साथ दूसरे सुरक्षा उपाय अपनाने की सलाह दी थी।

पब में चला गया शख्स
कोरोना पॉजिटिव होने के बावजूद इस शख्स ने डॉक्टरों की बात नहीं मानी और एक इजिकाया में चला गया। इजिकाया एक तरह का जापानी पब होता है, जहां लोग शराब पीने के साथ म्यूजिक का आनंद लेते हैं। उसने उस बार में 15 मिनट बिताए और इस दौरान ड्रिंक का आनंद लिया। इससे भी जब उसका मन नहीं भरा तो वह एक फिलिपीनो पब में गया और वहां करीब 40 मिनट बिताए और काराके पर गाना भी गाया। 

क्या कहा अधिकारियों ने
जब यह मामला सामने आया तो स्थानीय अधिकारियों ने कहा कि उनके पास उस शख्स को पब में जाने से रोकने के अधिकार नहीं थे। बताते हैं कि पब में उसने एक महिला वेटर के कंधे पर हाथ भी रखा, जो कोरोना टेस्ट में नेगेटिव पाई गई, लेकिन बाद में उसकी एक महिला साथी जांच में पॉजिटिव पाई। उसकी जांच टोयोटा सिटी में हुई, जहां की वह रहने वाली है।

नहीं बच पाया
5 मार्च को उस शख्स को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां 18 मार्च को उसकी मौत हो गई। वह एक तरह के लिवर कैंसर से भी पीड़ित था। फिलहाल, इजिकाया और फिलिपीनो पब को अस्थाई तौर पर अधिकारियों ने बंद करवा दिया है। पब मैनेजर ने एक डैमेज रिपोर्ट भी अधिकारियों को सौंपी है। बता दें कि जापान में कोरोना वायरस संक्रमण के कुल 943 मामले सामने आए हैं, जिनमें 191 लोग ठीक हो गए हैं, वहीं 33 लोगों की मौत हो चुकी है।  

Share this article
click me!