
हटके डेस्क। कभी-कभी कुछ ऐसी घटना घट जाती है, जिस पर एकबारगी यकीन कर पाना मुश्किल होता है। अभी लॉकडाउन में देश के कुछ हिस्सों में लोगों को शराब खरीदने की छूट दी गई है। इस दौरान कर्नाटक के एक शख्स ने नशे में एक जहरीले सांप को दांतों से टुकड़े-टुकड़े कर डाला। इस शख्स की इस हरकत को देख कर लोग हैरान रह गए। बताया जाता है कि बाइक से जा रहा यह शख्स अपने रास्ते में सांप के आ जाने से इस कदर गुस्से में आ गया कि उसने सांप को पकड़ कर पहले गले में लपेट लिया और फिर दांतों से काट कर उसे टुकड़े-टुकड़े कर दिया।
कोलार की है ये घटना
यह घटना कर्नाटक के कोलार की है। लॉकडाउन में शराब खरीदने की छूट मिलने पर यह शख्स शराब पीकर और साथ में शराब की बोतलें लेकर वापस लौट रहा था। इसी बीच एक सांप उसकी बाइक के सामने आ गया। यह देख कर नशे में धुत्त उस शख्स ने आपा खो दिया। उसने बाइक रोक कर सांप को पकड़ लिया और चीखने लगा कि मेरा रास्ता रोकने की तेरी हिम्मत कैसे हुई।
लोगों ने बना लिया वीडियो
जब यह शख्स सांप को दांतों से काट रहा था तो कुछ लोगों ने इसका वीडियो बना कर सोशल मीडिया पर डाल दिया। यह वीडियो वायरल हो गया। जिसने भी इस वीडियो को देखा, वह हैरान रह गया। शराब के नशे में वह आदमी बुरी तरह सांप को दांतों से काट कर टुकड़े-टुकड़े कर रहा था। यह घटना मंगलवार की है। इस दौरान आसपास के लोग उसे देखते रहे। कुछ लोगों ने उसकी तस्वीरें भी खींच ली।
30 मिनट के बाद आई पुलिस
इस बीच, कुछ लोगों ने इस घटना की जानकारी पुलिस को दे दी। पुलिस करीब 30 मिनट के बाद वहां पहुंची। तब तक सांप मर चुका था। 38 साल के कुमार नाम के इस शख्स को यह पता नहीं था कि जिस सांप को उसने दांतों से काट कर मार डाला, वह बहुत जहरीला था। कुमार किसी डॉक्टर के पास भी नहीं गया। उसने कहा कि उसे कुछ नहीं होगा। मुस्तुर गांव के रहने वाले कुमार ने कहा कि यह सांप उसे पहले से परेशान कर रहा था। उसने कहा कि जब वह सुबह जा रहा था, तब भी यह सांप उसकी बाइक के पहियों से लिपट गया था। जब वह दोबारा उसके रास्ते में आया तो उसे गुस्सा आ गया और उसने उसका काम तमाम कर दिया।
वायरल न्यूज(Viral News Updates): Read latest trending news in India and across the world. Get updated with Viral news in Hindi at Asianet Hindi News