
हटके डेस्क। एक मां हर हाल में अपने बच्चों को प्यार करती है और हर तरह के खतरे से उन्हें बचाती है। कोई सोच तक नहीं सकता मां अपने बच्चों की हत्या भी कर सकती है। लेकिन अमेरिका के ओहियो में एक मां ने अपने तीन बच्चों की हत्या कर दी। महिला ने ऐसा क्यों किया, इसकी कोई साफ वजह सामने नहीं आ सकी है। ब्रिटनी रेनी पिल्किन्गटन नाम 27 साल की इस महिला का कहना है कि उसे यह डर था कि बड़े होने के बाद उसके बच्चे कहीं महिलाओं के साथ गलत काम नहीं करने लगें। इसलिए उसने औरतों को हिंसा और यौन शोषण से बचाने के लिए अपने बच्चों के मार डाला। इस महिला को अपराध स्वीकार कर लेने के बाद 37 साल की सजा कोर्ट ने सुनाई है।
यौन शोषण की थी शिकार
कहते हैं कि ब्रिटनी नाम की इस महिला का यौन शोषण हुआ था, जब वह 17 साल की थी। उसकी मां के एक बॉयफ्रेंड ने ही उसका यौन शोषण किया था जो उम्र में उससे 20 साल बड़ा था। उस शख्स ने लगातार ब्रिटनी के साथ जबरन संबंध बनाए। इसका पता जब उसकी मां को चला तो दोनों में काफी लड़ाई हुई। ब्रिटनी प्रेग्नेंट भी हो गई थी। इसके बाद उस आदमी ने ब्रिटनी से शादी कर ली। लेकिन यौन शोषण की शिकार ब्रिटनी डिप्रेशन में रहने लगी।
एक के बाद एक बच्चे की हुई मौत
ब्रिटनी के तीन लड़के हुए। उसके पहले बच्चे की मौत साल 2014 में हुई। दूसरे और तीसरे बच्चे की मौत 2015 में हुई थी। सबसे छोटा बेटा 3 महीने का था। उस समय सभी को बताया गया कि बच्चों की मौत किसी बीमारी की वजह से हुई है। लेकिन एक के बाद एक बच्चों की मौत होने से आसपास के लोगों को संदेह होने लगा। लेकिन किसी को उन बच्चों की मौत की वजह पता नहीं चल सकी। पड़ोसियों ने यह भी देखा था कि बच्चों को किसी डॉक्टर के पास भी नहीं ले जाया गया। आखिर किसी ने इसके बारे में पुलिस को बता दिया।
पुलिस की पूछताछ में उगला सच
पुलिस ने जब ब्रिटनी और उसके पति से बच्चों की मौत की वजह जाननी चाही तो उन्होंने कहा कि किसी बीमारी से उनकी मौत हो गई। तब पुलिस ने उनकी बीमारी और इलाज के बारे में पूछताछ शुरू की। इस पर ब्रिटनी कोई जवाब नहीं दे सकी। पुलिस ने जब सख्ती की तो वह टूट गई और स्वीकार कर लिया कि उसने बच्चों की हत्या की थी। इसके बाद उस पर अदालत में मुकदमा दर्ज किया गया। डॉक्टरों ने जांच में पाया कि ब्रिटनी गंभीर रूप से डिप्रेशन की शिकार है। उसके इलाज की जरूरत है। कम उम्र में हुए यौन शोषण और मां से अलगाव के कारण उसकी मानसिक हालत बिगड़ती चली गई, वहीं पति के साथ भी उसका कोई भावनात्मक लगाव नहीं था।