
हटके डेस्क। कई बार कुछ जीव अपने आपको इस तरह छिपा लेते हैं कि उनका पता नहीं चल पाता। ऐसा करके कुछ जीव आने वालों खतरों से अपनी सुरक्षा करते हैं। इसे छद्म आवरण भी कहा जाता है। पिछले दिनों इसके चलते ही दो बच्चों की जान जाते-जाते बच गई, क्योंकि वे एक जहरीले सांप के बिल्कुल करीब पहुंच गए थे, जब मां छुट्टियों के दौरान उनकी तस्वीर खींच रही थी।
सांप ने अपने आपको इस तरह छिपा लिया था कि उसका कोई पता नहीं चल रहा था। प्रकृति ने कुछ जीवों में ऐसी खासियत पैदा की है कि दूसरे जीवों के हमले से अपने आप को बचाने के लिए वे रंग भी बदल लेते हैं। कुछ समय पहले एक ऐसा चीता दिखा था जो पूरी तरह बर्फ का बना लगता था।
इस जहरीले सांप की तस्वीर सबसे पहले स्नेक कैचर विक्टोरिया ऑस्ट्रेलिया ने अपने फेसबुक पेज पर पोस्ट की थी, जिसके बाद वह वायरल हो गई। इस फोटो में जंगल में घूमते दो बच्चे दिख रहे हैं, जिनकी तस्वीर पीछे से ली गई है। बच्चे हाथों में हाथ डाले जा रहे हैं, लेकिन इसमें सांप कहीं दिखाई नहीं पड़ रहा है।
फेसबुक पेज पर डाली गई पोस्ट में यह कहा गया है कि यह फोटो ऑस्ट्रेलिया के नॉर्थ विक्टोरिया में स्थित मिट्टा मिट्टा नदी के पास जंगलों में ली गई है। इस तस्वीर में सांप को पहचान पाना आसान नहीं है, क्योंकि लंबे ईस्टर्न ब्राउन सांप ने पेड़-पौधों के पीछे अपने आपको पूरी तरह से छुपा लिया है। लेकिन ध्यान देने पर सांप ठीक उस रास्ते के किनारे देखा जा सकता है, जहां से बच्चे गुजर रहे हैं।
समझा जा सकता है कि यह कितना खतरनाक था। जरा-सी चूक हुई नहीं कि सांप बच्चों के लिए बड़ा खतरा बन सकता था। आम तौर पर सांप खुद-ब-खुद किसी को काटते नहीं, पर इस तरह से छुपे सांप पर किसी का पैर पड़ जाए तो वे उसे जरूर अपना शिकार बना लेंगे ।
वायरल न्यूज(Viral News Updates): Read latest trending news in India and across the world. Get updated with Viral news in Hindi at Asianet Hindi News