
हटके डेस्क। आठ साल से भी ज्यादा समय से चल रहे सिविल वॉर से सीरिया की हालत बहुत खराब हो गई है। वहां लोगों की जान को हर पल खतरा है। साल 2011 से अब तक सीरिया में करीब 4 लाख 65 हजार लोग मारे जा चुके हैं, दस लाख से भी ज्यादा लोग घायल हुए हैं और करोड़ों लोगों को अपना घरबार छोड़ना पड़ा है। वहीं, सीरिया के कई प्रमुख शहर हजारों क्विंटल बम गिराए जाने से पूरी तरह बर्बाद हो चुके हैं। फिलहाल, तुर्की के हमले के बाद हालात ज्यादा खराब हुए हैं। संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कुर्द लड़ाकों के खिलाफ शुरू हुए तुर्की के हमले में काफी लोगों की जानें गई हैं। जेनेवा में सीरिया के लिए संयुक्त राष्ट्र की विसेष दूत गैड पेडर्शन की प्रवक्ता जेनिफर फेंटन ने कहा है कि सीरिया में मानवीय संकट लगातार बढ़ता ही चला जा रहा है। यहां हम जानते हैं सीरिया के उन 4 प्रमुख शहरों के बारे में, जहां लगातार बमबारी से हालत बहुत ही खराब हो चुकी है।
1. अलेप्पो
अलेप्पो सीरिया का वह शहर है, जो सिविल वॉर के दौरान होने वाली बमबारी से सबसे ज्यादा क्षतिग्रस्त हुआ है। 2013 से लेकर अब तक यूनिटार्स ऑपरेशनल सैटेलाइट एप्लिकेशन प्रोग्राम UNITAR’s Operational Satellite Applications Programme (UNOSAT) के जरिए शहरों को जो नुकसान पहुंचा है, उसका डाटा एकत्र किया गया है। इसमें कई स्तर पर हुए नुकसान का आकलन किया गया है। इसके आकलन के अनुसार सीरिया में सबसे ज्यादा नुकसान अलेप्पो शहर को पहुंचा है। यहां कुल 35, 691 बड़ी बिल्डिंगें पूरी तरह ध्वस्त हो गईं। इससे ज्यादा नुकसान और किसी दूसरे शहर को नहीं हुआ।
2. दमिश्क
अलेप्पो के बाद सबसे ज्यादा नुकसान झेलने वाला शहर दमिश्क है। दमिश्क में भारी बमबारी के चलते कुल 27,741 बिल्डिंगें धवस्त हो गईं और लाखों लोग काल के गाल में समा गए। भीषण बमबारी से शहर उजाड़ लगता है। काफी लोग यहां से जा चुके हैं। यहां हुए नुकसान के आंकड़े भी UNOSAT से लिए गए हैं।
3. रक्का
लंबे समय से चल रहे गृहयुद्ध में रक्का शहर को भी काफी नुकसान पहुंचा है। बमबारी से हुए नुकसान के मामले में यह सीरिया का तीसरा शहर है। यहां 12, 712 इमारतें बमबारी में पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी हैं। शहर वीरान लगता है। जो लोग यहां रह रहे हैं, उन पर भी हमेशा खतरा मंडराता रहता है।
4. होम्स
यह सीरिया का चौथा शहर है, जिसे बमबारी में भारी नुकसान उठाना पड़ा। यहां की भी करीब 12,167 इमारतें पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी हैं। ऐसी इमारतों की संख्या भी कम नहीं है, जिन्हें मामूली तौर पर क्षति पहुंची, पर वहां फिर से निर्माण कराए बिना रहना खतरे से खाली नहीं है। यह शहर भी बर्बाद ही हो चुका है। यहां से काफी लोग दूसरी जगहों पर चले गए हैं।
वायरल न्यूज(Viral News Updates): Read latest trending news in India and across the world. Get updated with Viral news in Hindi at Asianet Hindi News