
सिडनी। कहते हैं कि प्यार में इंसान अंधा हो जाता है और उसे इस बात का होश नहीं रहता कि वह जो करने जा रहा है, उसका असर कैसा होगा। ऑस्ट्रेलिया के फ्रेंकटाउन की एक महिला ने भी कुछ ऐसा ही किया कि उसकी चर्चा चारों तरफ हो रही है और उसके मैसेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं। दरअसल, वह महिला प्रेग्नेंट थी और उसका बॉयफ्रेंड उसे छोड़ कर चला गया था। महिला अपने प्रेमी के चले जाने से बहुत परेशान हो गई। उसे समझ में नहीं आ रहा था कि वह कैसे उस तक अपनी बात पहुंचाए।
फिर किया ऐसा काम
बहुत सोचने के बाद महिला ने अपने प्रेमी तक बात पहुंचाने के लिए एक अनोखा तरीका निकाला। उसने फ्रेंकटाउन के पार्कों, पब्लिक बाथरूमों और शहर के प्रमुख भवनों की दीवारों पर अपने प्रेमी को संबोधित करते हुए मैसेज लिख दिया। मैसेज में उसने अपने प्रेमी क्रिस को लिखा कि बच्चे के दुनिया में आने के पहले वह कम से कम एक बार उससे बात तो कर ले। इसके बाद जो मर्जी हो, वह करे। ऐसा लगता है कि वह महिला अपनी प्रेग्नेंसी के दौरान बॉयफ्रेंड के चले जाने से बहुत परेशान हो गई थी और उसने इतने ज्यादा मैसेज शहर की दीवारों पर लिख दिए थे कि लोग अचरज में पड़ गए थे।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ मैसेज
जब लोगों ने शहर की दीवारों पर महिला द्वारा लिखे मैसेज देखे, तो उसकी तस्वीरें खींच कर उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। लोगों ने उन मैसेज को पोस्ट करते हुए लिखा - क्रिस, तुम्हारी प्रेमिका शहर की सारी दीवारों को खराब न कर दे, इसलिए पहले एक बार आकर उससे मिल लो।
नहीं आया महिला का बॉयफ्रेंड
इन तमाम मैसेज के बावजूद उस महिला का बॉयफ्रेंड उससे मिलने नहीं आया, न ही उसने उससे फोन पर कोई संपर्क किया। इससे महिला बहुत दुखी थी। एक तो उसका आइडिया बेकार हो गया और दूसरे लोगों ने भी उसका मजाक बनाना शुरू कर दिया।
महिला हुई गिरफ्तार
मुसीबतों ने महिला का पीछा अभी भी नहीं छोड़ा था। 36 साल की इस प्रेग्नेंट महिला पर सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगा कर पुलिस ने उसे गिरप्तार कर लिया। फिलहाल, वह महिला जमानत पर है। महिला ने मैसेज लिखने के मामले में हद ही कर दी थी। उसने स्कूल के पास पड़े एक बियर की बोतल पर भी अपने प्रेमी के नाम मैसेज लिख दिया था।
फनी आइडिया
महिला अपने बॉयफ्रेंड से किसी भी कीमत पर मिलना चाहती थी। इसीलिए उसने जहां भी संभव था, उसके नाम मैसेज लिखे। लोगों ने भी सोशल मीडिया पर इसी उम्मीद से मैसेज शेयर किए हैं कि उसके बॉयफ्रेंड की नजर उन मैसेज पर पड़ जाए और वह एक बार आकर उससे मिल ले। सोशल मीडिया पर महिला के मैसेज शेयर करने वाले एक शख्स पीटर बरोज को बॉयफ्रेंड से मिलने का महिला का यह आइडिया काफी फनी लगा। हालांकि, उन्होंने कहा कि इससे शहर की दीवारें गंदी हो गई हैं और काफी लोगों को यह पसंद नहीं आया है।
वायरल न्यूज(Viral News Updates): Read latest trending news in India and across the world. Get updated with Viral news in Hindi at Asianet Hindi News