
कोलकाता. प बंगाल में दूसरे चरण के लिए 30 सीटों पर आज मतदान हुआ। इन सीटों पर 171 प्रत्याशी मैदान में हैं। इस चरण में 80.43% वोटिंग हुई। 2016 में यहां 85% मतदान हुआ था। पहले चरण में भी 80% से ज्यादा वोटिंग हुई थी। इस चरण के लिए पूर्व मिदनापुर, प मिदनापुर, द 24 परगना और बांकुरा जिलों की सीटों पर मतदान हुआ। इन सीटों पर केंद्रीय बलों की 700 कंपनियां तैनात की गई थीं। वोटिंग 7 बजे से शाम 6 बजे तक हुई। मतदान के दौरान झड़प की कुछ घटनाएं भी सामने आईं।
ममता ने अमित शाह पर लगाए आरोप
ममता बनर्जी ने कहा कि गृह मंत्री ने सुरक्षाबलों को आदेश दिया है कि वे भाजपा प्रत्याशियों और गुड़ों की मदद करें। वहीं, चुनाव आयोग इस मामले में चुप है। हमने इस बारे में कई पत्र लिखे, लेकिन वे एकतरफा भाजपा की मदद कर रहे हैं।
ममता बनर्जी व्हील चेयर से बूथों पर पहुंचीं। यहां ममता को देखकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जय श्री राम के नारे लगाए। इस दौरान ममता नाराज नजर आईं। ममता ने कहा कि नारे लगाने वाले लोग बाहरी हैं। ये लोग उत्तर प्रदेश और बिहार से आकर माहौल खराब कर रहे हैं। इतना ही नहीं ममता ने कहा कि इन लोगों को केंद्रीय सुरक्षाबल सुरक्षा दे रहे हैं।
ममता ने कहा कि टीएमसी ने आज सुबह से चुनाव आयोग के पास चुनाव संबंधी 63 शिकायतें की, लेकिन इनमें से किसी पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। ममता ने कहा कि अगर चुनाव आयोग ने कार्रवाई नहीं की तो कोर्ट जाऊंगी।
राज्यपाल से फोन पर की बात
ममता बनर्जी ने इस दौरान राज्यपाल जगदीप धनखड़ से फोन पर बात की। उन्होंने शिकायत की कि बाहरी गुंडे चुनाव को प्रभावित कर रहे हैं। वे लोगों को वोट नहीं डालने दे रहे हैं। मैं सुबह से देख रही हूं, अब आपसे अपील कर रही हूं, कृप्या आप इस मामले में दखल दें।
सुवेंदु के काफिले पर हुआ हमला
उधर, ममता के खिलाफ नंदीग्राम से चुनाव लड़ रहे भाजपा प्रत्याशी सुवेंदु अधिकारी के काफिले पर हमला हुआ। इस दौरान मीडिया की गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा। सुवेंदु ने कहा कि यह पाकिस्तानियों का काम है। जय बंगला बांग्लादेश का नारा है। उस बूथ पर एक विशेष समुदाय के मतदाता हैं जो ऐसा कर रहे हैं।
टीएमसी ने भाजपा पर बूथ कैपचरिंग का आरोप लगाया
टीएमसी से राज्यसभा सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर नंदीग्राम में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा बूथ कैप्चरिंग का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बूथों में भाजपा के कार्यकर्ताओं की भीड़ घुस गई। भाजपा कार्यकर्ता EVM में धांधली का प्रयास कर रहे हैं।
सुवेंदु अधिकारी ने सुबह ही डाला वोट
नंदीग्राम से भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी ने सुबह ही वोट डाल दिया। वह दो पहिया वाहन से पोलिंग बूथ नंबर 76 पर पहुंचे और अपना वोट डाला। तब करीब पौने आठ बज रहा था। उन्होंने कहा, बीजेपी और विकास की जीत होगी। पूरे बंगाल में परिवर्तन की लहर चल रही है। ममता बनर्जी की सरकार ने इतनी बेरोजगारी की, इसके खिलाफ मतदान हो रहे हैं। 80-85% मतदान होने चाहिए और हिंसा नहीं होनी चाहिए।
"
बंगाल : जिन सीटों पर चुनाव, 2016 में टीएमसी का 21 पर कब्जा था
बंगाल में चार जिलों बांकुरा, पश्चिम मिदनापुर, पूर्व मिदनापुर और दक्षिण 24 परगना की 30 सीटों पर मतदान हुआ। इस चरण के लिए 10620 केंद्र बनाए गए। 2016 में इन सीटों पर ममता की पार्टी टीएमसी ने सूपड़ा साफ किया था। ममता बनर्जी की पार्टी ने 21 सीटों पर जीत हासिल की थी। वहीं, लेफ्ट को 5 और कांग्रेस को 3 सीटें मिली थीं। जबकि भाजपा के खाते में सिर्फ 1 सीट गई थी। लेकिन इस बार स्थिति बदली हुई है। ममता की पार्टी को भाजपा से कड़ी टक्कर मिलती नजर आ रही है। नंदीग्राम सीट पर ममता और सुवेंदु अधिकारी के खिलाफ कड़ा मुकाबला है।
पूर्व मेदिनीपुर: 9 सीट
- तमलुक, पांशकुड़ा पूर्व, पांशकुड़ा पश्चिम, मोयना, नंदकुमार, महिषादल, हल्दिया, नंदीग्र्राम, चांदीपुर।
दक्षिण 24 परगना: 4 सीट
- गोसाबा, पाथरप्रतिमा, काकद्वीप, सागर।
बांकुरा: 8 सीट
- तालडांगरा, बांकुड़ा, बरजोरा, ओंदा, विष्णुपुर, कतुलपुर, इंडास, सोनामुखी।
पश्चिम मेदिनीपुर : 9 सीट
- खड़गपुर सदर, नारायणगढ़, सबंग, पिंगला, देबरा, दासपुर, घाटाल, चंद्रकोणा, केशपुर।
इन सीटों पर रहेगी सबकी नजरें
- इस चुनाव में बंगाल की सबसे हॉट और चर्चित सीट नंदीग्राम है। यहां से ममता बनर्जी चुनाव लड़ रही हैं। उनके खिलाफ उनके करीबी रहे सुवेंदु अधिकारी भाजपा से ताल ठोक रहे हैं। सुवेंदु ममता बनर्जी को 50 हजार वोटों से हराने का दावा कर चुके हैं। भाजपा ने इस सीट पर अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।
- इसके अलावा डेबरा में दो पूर्व आईपीएस अधिकारी आमने सामने हैं। भाजपा ने जहां पूर्व आईपीएस भारती घोष को टिकट दिया है। वहीं, टीएमसी की ओर से हुमायूं कबीर मैदान में हैं। भारतीय घोष घाटाल से भाजपा की ओर से लोकशभा चुनाव भी लड़ चुकी हैं।
दूसरे चरण में 171 प्रत्याशी, इनमें से 25 दागी
प बंगाल में दूसरे चरण में 171 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें से 25 प्रतिशत उम्मीदवारों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं। एडीआर के मुताबिक, 63 (37 प्रतिशत) प्रत्याशियों ने 5वीं से 12वीं तक पढ़ाई की है। वहीं, 101 उम्मीदवारों ने अपनी शैक्षणिक योग्यता स्नातक या उससे अधिक बताई है।
Other Indian State News (अन्य राज्य समाचार) - Read Latest State Hindi News (अन्य राज्य की खबरें), Regional News, Local News headlines in Hindi from all over the India.