Bengal Election: योगी का ममता पर वार-'जय श्रीराम के नारे से चिढ़ने वाली दीदी आज चंडी का पाठ कर रही हैं'
पांच राज्यों में होने जा रहे विधानसभा चुनाव अब युद्ध जैसी स्थिति में पहुंच गया है। मंगलवार को यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पश्चिम बंगाल में धुंआधार रैलियां की। पुरुलिया में जनसभा को संबोधित करते हुए योगी ने ममता बनर्जी पर तीखे प्रहार किए।
Asianet News Hindi | Published : Mar 16, 2021 4:48 AM IST / Updated: Mar 16 2021, 05:48 PM IST
कोलकाता, पश्चिम बंगाल. पांच राज्यों में होने जा रहे विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां चरम पर हैं। मंगलवार को यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पश्चिम बंगाल में धुंआधार रैलियां कीं। पुरुलिया के बाद बांकुरा और मेदिनीपुर में सभाओं को संबोधित किया। चुनाव की तारीखें घोषित होने के बाद योगी का बंगाल में यह दूसरा दौरा है। इस महीने की शुरूआत में उन्होंने मालदा से चुनावी प्रचार शुरू किया था। हिंदुत्व के बड़े ब्रांड बनकर उभरे योगी बंगाल में ममता बनर्जी पर आक्रामक दिखे।
पुरुलिया में बोले योगी
Latest Videos
मैं यहां आया, तो मेरा अभिवादन जयश्रीराम के नारे से हुआ। दीदी जयश्रीराम के नारे से चिढ़ती हैं, लेकिन आज चंडी का पाठ कर रही हैं। मैं खुद भगवान राम और कृष्ण की पावन नगरी से आया हूं। बंगाल हमेशा परिवर्तन की धरती रही है। यह राष्ट्रवाद की धरती रही है। राम कृष्ण परमहंस, स्वामी विवेकानंद, रवीन्द्रनाथ टैगोर और सुभाष चंद्र बोस को भी इसी धरती ने दिया। जनसंघ के अध्यक्ष श्यामाप्रसाद मुखर्जी समेत दूसरे महान नेताओं को इसी धरती ने दिया। जनगण मन भी इसी धरती ने दिया। इस धरती को मेरा नमन है।
कांग्रेस, कम्यूनिस्टों, और TMC ने बंगाल को खोखला बना दिया। बंगाल को कांग्रेस कम्यूनिस्टों और TMC के गुंडों का अड्डा नहीं बनने देना है। TMC सरकार गौ तस्करी करके गौ माता को कटने के लिए पहुंचा देती है। यूपी में हम गौ तस्करी नहीं होने देते हैं और गाय को कटने भी नहीं देते हैं।
TMC के गुंडे कानून को नहीं मानते। 2 मई के बाद जब भाजपा की सरकार आएगी तो इन गुंडों को चुन चुनकर सजा दिलवाई जाएगी। अभी भी सत्ता का दुरुपयोग रुक नहीं रहा है। भाजपा के कार्यकर्ताओं को जगह-जगह इस सभा में आने से रोका जा रहा था। ममता दीदी जय श्रीराम के नारे से बहुत चिढ़ती हैं। बंगाल के लोगों की पीड़ा ज्यादा दिनों तक नहीं रहने वाली है। BJP इसका समाधान करने आई है। TMC की गुंडागर्दी और अराजकता लंबे समय तक नहीं चल पाएगी। 2 मई के बाद TMC सरकार की विदाई सुनिश्चित है।
बांकुरा में योगी:हमारे जीवन से कोई राम को अलग नहीं कर सकता। जो राम से हमें अलग करने का प्रयास करेगा उसे सत्ता से वंचित होना पड़ेगा। ममता दीदी ने राम का विरोध करके तय कर लिया है कि अब बंगाल की जनता उन्हें बर्दाश्त नहीं करेगी। वे पहले भी ऐसा करती रही हैं।
राजनाथ ने किया जीत का दावा
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर दावा किया है-मैं पूरी तरह से आश्वस्त हूं कि बंगाल में इस बार भाजपा स्पष्ट बहुमत से सरकार बनाने जा रही है। लोकसभा के चुनाव में बंगाल की जनता ने 42 में से 18 सीटों पर भाजपा को विजय दिलाकर ये साफ संकेत दे दिया है कि अब विधानसभा के चुनाव में परिवर्तन होगा। हमारी पार्टी लोकतांत्रिक है, चुनकर आए विधायक अपने नेता का चुनाव करेंगे।
पश्चिम बंगाल में 5 वर्ष के लिए भाजपा की सरकार बनाकर देखिए, किसी मां के लाल की हिम्मत नहीं है कि वो टोलाबाजी कर सके और कटमनी ले सके।
ममता के घायल होने के मुद्दे पर: जांच एजेंसियों की रिपोर्ट से साफ है कि सुरक्षा में चूक की वजह से दुर्घटना हुई है। ये उनकी हताशा का ही परिणाम है कि उस चोट के लिए भाजपा को लांछित करने की कोशिश की जा रही है।
वहीं, पश्चिम बंगाल के दासपुर में चुनावी सभा में बोले राजनाथ-ममता दीदी ने इन 10 वर्षों में पश्चिम बंगाल के विकास के लिए क्या किया? तबाही के अलावा दीदी ने कुछ नहीं किया। चारों तरफ हिंसा है, बड़ी संख्या में लोग मारे जा रहे हैं। मुख्यमंत्री की ज़िम्मेदारी होती है कि वो अपने राज्य में हिंसा को रोके।
सबंग में जनसभा में बोले राजनाथ सिंह-हम लोगों ने हर किसान के खाते में 6000 रुपया भेजा। ममता दीदी ने ये पैसे देने के लिए हमें यहां के किसानों की लिस्ट नहीं दी। अगर यहां भाजपा की सरकार बनी तो आपका 6000 रुपया पहले का और आगे का पूरा आपके खाते में जाएगा। जिस दिन भाजपा की सरकार बन जाएगी यहां कटमनी, तोलाबाजी और गुंडागर्दी बंद हो जाएगी। केवल सड़क बनाने के लिए मोदी जी ने 25,000 करोड़ रुपये दिए। वह पैसा कहां है और कितनी सड़कें बनीं? पश्चिम बंगाल तेजी से पीछे जा रहा है। इसके लिए ममता दीदी जिम्मेदार हैं। बंगाल में जनता के लिए जो पैसा आता है उसका 15%-25% भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाता है। मैं ममता दीदी से पूछना चाहता हूं कि क्या कारण है कि आपके मंत्रियों और आपकी सरकार पर हमेशा भ्रष्टाचार के आरोप लगते हैं।
मिदनापुर में राजनाथ सिंह-पश्चिम बंगाल में हमारी सरकार बन गई तो कोई भी यहां बम नहीं बना पाएगा। बम बनाने की कोई जुर्रत करेगा, हम उसको उल्टा कर देंगे। ममता बनर्जी क्या हो रहा है बंगाल में? बम बन रहे हैं। आम जनता के ऊपर बम फेंके जा रहे हैं। तमाशा बना दिया।
जानें कब चुनाव बता दें कि बंगाल की 294 सीटों के लिए 8 चरणों में वोटिंग होगी। पहले चरण में 294 में से 30 सीटों पर 27 मार्च को वोट डाले जाएंगे। दूसरे चरण में 30 सीटों पर एक अप्रैल को, तीसरे चरण में 31 सीटों पर 6 अप्रैल को, चौथे चरण में 44 सीटों पर 10 अप्रैल को, पांचवे चरण में 45 सीटों पर 17 अप्रैल को, छठे चरण में 43 सीटों पर 22 अप्रैल को, सातवें चरण में 36 सीटों पर 26 अप्रैल को और आठवें चरण में 35 सीटों पर 29 अप्रैल को वोटिंग होगी।