दुनिया में कोरोनाः 26.56 लाख केस,1.85 लाख मौतें, जर्मन चांसलर बोलीं- हम लंबे समय तक इसकी चपेट में रहेंगे

Published : Apr 23, 2020, 10:18 AM ISTUpdated : Apr 23, 2020, 05:23 PM IST
दुनिया में कोरोनाः 26.56 लाख केस,1.85 लाख मौतें, जर्मन चांसलर बोलीं- हम लंबे समय तक इसकी चपेट में रहेंगे

सार

दुनिया के 210 देश कोरोना के संक्रमण से जूझ रहे हैं। संक्रमित मरीजों की संख्या 26 लाख 56 हजार 671 तक पहुंच गई है। जबकि अब तक 1 लाख 85 हजार लोगों की मौत हो चुकी है। अमेरिका ने 60 दिनों तक विदेशी नागरिकों के आने पर रोक लगा दी है। यहां पिछले 24 घंटे में 2341 लोगों की जान गई है। अब तक 47 हजार 676 लोगों की मौत हो चुकी है।

वॉशिंगटन. दुनिया में कोरोना वायरस का कहर बढ़ता जा रहा है। दुनिया के 210 देश कोरोना के संक्रमण से जूझ रहे हैं। संक्रमित मरीजों की संख्या 26 लाख 56 हजार 671 तक पहुंच गई है। जबकि अब तक 1 लाख 85 हजार लोगों की मौत हो चुकी है। कोरोना के संक्रमण से सबसे ज्यादा अमेरिका प्रभावित है। यहां अब तक 47 हजार 681 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, फ्रांस में अब तक 21 हजार लोगों की मौत हो चुकी है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने बुधवार को घोषणा की कि उन्होंने अस्थाई रूप से इमिग्रेशन सस्पेंड करने के आदेश पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। 

अमेरिका में अब 60 दिनों तक विदेशी नागरिकों के आने पर रोक होगा। उन्होंने कहा कि इससे अमेरिकी नागरिकों को नौकरी के मौके पहले मिलेंगे। हम चाहते हैं कि अमेरिकियों को पहले नौकरी और स्वास्थ्य सुविधा मिले। हम पहले अपने नागरिकों की सुरक्षा चाहते हैं। 60 दिनों के बाद या इसी दौरान हम इसकी सीमा बढ़ा भी सकते हैं।

लंबे समय तक रहेंगे कोरोना के चपेटे मेंः चांसलर

जर्मनी की चांसलर एंजेला मर्केल ने गुरुवार को चेतावनी दी कि देश में महामारी अभी शुरुआती चरणों में है। कुछ समय के लिए स्थिति बेहद कठिन रहने वाली है। जर्मन संसद के निचले सदन बुंडेस्टाग में मर्केल ने सांसदों से कहा- हम आने वाले लंबे समय तक इस वायरस की चपेट में रहेंगे। कुछ राज्य सोशल डिस्टेंसिंग जैसे नियमों में ढील दे रहे हैं। लेकिन, उन्हें यह समझने की जरूरत है कि हमारी जिंदगी वायरस के पहले जैसी नहीं हो सकती।

नेपाल पहुंचा 23 टन दवाई

भारत ने नेपाल को कोरोना वायरस से मुकाबले के लिए 23 टन जरूरी दवाइयां भेंट की हैं। नेपाल में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने दवाइयों की खेप नेपाल के स्वास्थ्य मंत्री भानुभक्त धकल को सौंपी। नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने ट्वीट कर इस सहयोग के लिए भारत का शुक्रिया अदा किया है। नेपाल में अब तक 40 लोग कोरोना संक्रमण का शिकार हो चुके हैं।

अमेरिका में 47 हजार से ज्यादा मौतें

अमेरिका में पिछले 24 घंटे में 2341 लोगों की जान गई है। यहां अब तक 47 हजार 676 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, संक्रमण के मामले 8 लाख 48 हजार 994 हो गए हैं। बीबीसी के मुताबिक, नोबेल पुरस्कार से सम्मानित अर्थशास्त्री जोसेफ स्टिग्लेट्ज ने कहा कि अमेरिका ने महामारी का सामना किसी तीसरी दुनिया के देश की तरह किया। यहां लोगों को मदद पहुंचाने वाली सेवाएं नाकाफी साबित हो रही हैं। अमेरिका के 14% लोग सरकार के फूड वाउचर से मिलने वाले भोजन पर निर्भर हैं। जोसेफ ने कहा कि करोड़ों लोग बेरोजगारी भत्ता के लिए आवेदन कर रहे हैं। स्वास्थ्य सेवाओं में असमानता की वजह से लोगों की जान जा रही है। सरकारी मदद बेरोजगारी की भरपाई करने में असमर्थ साबित हो रही। अगले कुछ महीनों में बेरोजगारी दर बढ़कर 30% हो जाएगी।

ब्रिटेन में अब तक 18 हजार मौतें 

ऑफिस फॉर नेशनल स्टैटिक्स के मुताबिक, फाइनेंशियल टाइम्स ने बताया है कि ब्रिटेन में मृतकों की संख्या 41 हजार से ज्यादा हो सकती है। इसमें कहा गया है कि देश में केवल उन्हीं मौतों की गिनती की जा रही है, जो हॉस्पिटल में हुई है। इससे अलग मरने वालों की गिनती इसमें नहीं की जा रही। इससे पहले एक रिपोर्ट में कहा गया था कि ब्रिटेन में 10 अप्रैल तक 13,121 लोगों की जान गई थी, जबकि सरकार के आंकड़ों में 9,288 बताया गया था। फिलहाल, यहां 18 हजार मौतें हो चुकी हैं। जबकि संक्रमित मरीजों की संख्या 1 लाख 33 हजार है। 

जर्मनी में मास्क पहनना अनिवार्य, अब तक 5 हजार मौतें 

जर्मनी के सभी 16 राज्यों ने अगले हफ्ते से सार्वजनिक जगहों पर मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया है। हालांकि, बर्लिन में शॉपिंग के दौरान मास्क पहनना जरूरी नहीं होगा। साथ ही यहां वैक्सीन का इंसानों पर ट्रायल के लिए मंजूरी दे दी गई है। 18 से 55 साल के बीच के लगभग 200 लोगों पर इसका ट्रायल किया जाएगा। देश में संक्रमण के अब तक एक लाख 50 हजार से ज्यादा मामले हो चुके हैं। वहीं 5,315 की मौत हो चुकी है।

इटली में 24 घंटे में 437 की जान गई

देश में मौतों का आंकड़ा 25 हजार के पार हो गया है। यहां 24 घंटे में 437 लोगों की मौत हुई है। इटली में धीरे-धीरे मौतों में कमी हो रही है। एक दिन पहले यहां 534 की जान गई थी। हालांकि, मौतों का आंकड़ा 25 हजार के पार हो गया है। वहीं, बताया जा रहा कि सरकार अब लॉकडाउन में ढील देने की तैयारी में है। 

कनाडा में अब तक 1,834 मौतें

कनाडा में मंगलवार को एक हजार नए मामले सामने आए। संक्रमितों की कुल संख्या 38,422 हो गई है। 1,834 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले क्यूबेक (20,126) और ओंटेरियो (11,735) प्रांतों में हैं। डब्ल्यूएचओ ने 11 मार्च को कोरोना को महामारी घोषित किया था।

जापान में इटली के क्रूज पर 33 लोग संक्रमित

नागासाकी पोर्ट पर मरम्मत के लिए ठहरे इटली के क्रूज पर 33 लोग संक्रमित मिले। जापान में पिछले 24 घंटे में 18 लोगों की मौत हुई। 377 नए संक्रमित मिले। कुल 299 लोग जान गंवा चुके हैं। यहां संक्रमित मरीजों की संख्या 11 हजार 950 तक पहुंच गई है। कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए प्रधानमंत्री शिंजो आबे इमरजेंसी लगा चुके हैं। 

रूस के मॉस्को में 24 घंटों में 28 की मौत

रूस की राजधानी मॉस्को में 24 घंटों में 28 लोगों की मौत हो गई। इससे यहां मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 261 पहुंच गया है। मॉस्को में कोरोना के 29,430 मामलों की पुष्टि हुई है। यहां 2,050 मरीज स्वस्थ्य हुए हैं।  पूरे रूस में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 57 हजार 999 तक पहुंच गई है। जबकि अब तक 513 लोगों की मौत हो चुकी है।

चीन में कोरोना का हाल

चीन में कोरोना के संक्रमण से अब तक 4632 लोगों की मौत हो चुकी है। कोरोना के संक्रमण के शिकार मरीजों की संख्या 82 हजार 798 है। यहां अब तक 77 हजार 207 लोग ठीक भी हो चुके हैं। हालांकि चीन में एक बार फिर कोरोना का अटैक हुआ है, यहां एक दिन में 537 केस सामने आए हैं।

PREV

अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Recommended Stories

Tehran Attack: अमेरिका-इजराइल हमले में ईरानी रक्षामंत्री और कमांडर की मौत की खबर
तेहरान पर हमले की 10 EXCLUSIVE PHOTOS: जमीन से आसमान तक धुआं-धुआं