Sheikh Hasina: शेख हसीना दिसंबर में बांग्लादेश लौटना चाहती हैं, लेकिन ढाका सरकार ने इसे राजनीतिक दिखावा बताया है। नए पासपोर्ट और NID की मांग के बीच भारत से प्रत्यर्पण को लेकर भी विवाद बढ़ गया है।

बांग्लादेश की सत्ता से बेदखल होने के बाद भारत में रह रहीं पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की घर वापसी को लेकर नया राजनीतिक और कूटनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। हसीना दिसंबर में अपने देश लौटने की बात कह रही हैं, लेकिन बांग्लादेश सरकार उनकी मंशा पर ही सवाल उठा रही है। ढाका का कहना है कि वापसी की चर्चा महज राजनीतिक दिखावा है। दिलचस्प बात यह है कि हसीना ने अब भारत से बांग्लादेश लौटने के लिए नए पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र (NID) की मांग भी की है।

शेख हसीना की वापसी को सरकार ने बताया राजनीतिक दिखावा

बांग्लादेश के मुख्य अभियोजक मोहम्मद अमीनुल इस्लाम ने सोमवार को कहा कि शेख हसीना की हालिया गतिविधियां सिर्फ राजनीतिक दिखावा हैं। उनके मुताबिक, अगर हसीना वास्तव में बांग्लादेश लौटना चाहती हैं तो उन्हें जरूरी कानूनी प्रक्रिया अपनानी चाहिए। अभियोजक ने कहा कि फिलहाल सरकार को उनके लौटने का इरादा नजर नहीं आता। इस मामले पर अभियोजन कार्यालय मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करेगा।

यह भी पढ़ें:Delhi Winter Action Plan: 70 लाख पौधे, मशीनें और कमांड सेंटर, प्रदूषण पर रेखा गुप्ता सरकार का चौतरफा प्रहार

भारत से नया पासपोर्ट और NID मांग रही हैं हसीना

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, शेख हसीना के लंदन स्थित वकीलों ने नई दिल्ली में बांग्लादेश के उच्चायोग को पत्र लिखकर नया पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र जारी करने की मांग की है। उनका कहना है कि पुराने दस्तावेज रद्द किए जाने की खबरों के बाद नए दस्तावेज जारी किए जाएं। हसीना इसे दिसंबर में वापसी की तैयारी से जोड़ रही हैं।

अगस्त 2024 में छोड़नी पड़ी थी सत्ता

शेख हसीना को अगस्त 2024 में छात्र आंदोलन के बाद प्रधानमंत्री पद छोड़कर भारत आना पड़ा था। उनके शासनकाल में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हुई हिंसक कार्रवाई को लेकर गंभीर आरोप लगे। नवंबर 2025 में विशेष न्यायाधिकरण ने उनकी गैरमौजूदगी में उन्हें मौत की सजा सुनाई थी। हालांकि, हसीना ने आरोपों को खारिज किया है और सुनवाई की वैधता पर सवाल उठाए हैं।

बांग्लादेश ने पासपोर्ट देने से किया इनकार

बांग्लादेश के विदेश मामलों के राज्य मंत्री हुमायूं कबीर पहले ही कह चुके हैं कि हसीना को पासपोर्ट या यात्रा दस्तावेज जारी नहीं किए जाएंगे। बांग्लादेश ने भारत से उनके प्रत्यर्पण की मांग भी की है। ढाका चाहता है कि भारत उन्हें वापस सौंपे।

हसीना को लेकर भारत के सामने भी कूटनीतिक चुनौती

भारत ने बांग्लादेश से प्रत्यर्पण अनुरोध मिलने की पुष्टि की है, लेकिन उन्हें सौंपने पर कोई अंतिम फैसला सार्वजनिक नहीं किया है। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, इस अनुरोध की निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच की जा रही है। ऐसे में सवाल है कि क्या शेख हसीना दिसंबर में वास्तव में बांग्लादेश लौट पाएंगी या पासपोर्ट और प्रत्यर्पण का विवाद उनकी वापसी की राह में बाधा बना रहेगा?

यह भी पढ़ें: Diwali Eid Controversy: खड़गे के 'ईद' वाले बयान पर बवाल, गौरव भाटिया ने कांग्रेस को जमकर सुनाया