दुनिया में कोरोनाः अब तक 70000 लोगों की मौत, 5 दिन में 27000 ने गंवाई जान; जापान में कल लागू होगी इमरजेंसी

Published : Apr 06, 2020, 10:22 AM ISTUpdated : Apr 06, 2020, 06:08 PM IST
दुनिया में कोरोनाः अब तक 70000 लोगों की मौत, 5 दिन में 27000 ने गंवाई जान; जापान में कल लागू होगी इमरजेंसी

सार

दुनिया भर के 204 देशों में फैल चुके कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 12.7 लाख तक पहुंच गई है। जबकि अब तक 70 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। न्यूयॉर्क के एक जू में बाघिन भी कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। कोरोना वायरस के संक्रमण से स्पेन और इटली का भी बुरा हाल है। इसके साथ ही फ्रांस में भी कोरोना का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। 

नई दिल्ली. दुनिया भर के 204 देशों में फैल चुके कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 12.7 लाख तक पहुंच गई है। जबकि अब तक 70 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। पिछले पांच दिन में कोरोना से दुनियाभर में 27 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। कोरोना वायरस का असर अमेरिका में तेजी से बढ़ता जा रहा है। अमेरिका में पॉजिटिव केसों की संख्या 3 लाख 36 हजार 830 हो गई है। जबकि मरने वालों का आंकड़ा 9618 हो गया है।

अमेरिका में हालत यह है कि कोरोना का संक्रमण चिड़ियाघर तक पहुंच गया है। न्यूयॉर्क के एक जू में बाघिन भी कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। कोरोना वायरस के संक्रमण से स्पेन और इटली का भी बुरा हाल है। इसके साथ ही फ्रांस में भी कोरोना का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। 

जापान में कल लग सकती है इमरजेंसी
जापान में कल इमरजेंसी लग सकती है। प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने इसका प्रस्ताव रखा है। जापान में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। यहां 3654 लोग संक्रमित पाए गए हैं। वहीं, 84 लोगों की मौत हुई है।

जानिए किन देशों का क्या है हाल 

अमेरिका- अमेरिका में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 3 लाख 36 हजार 830 हो गई है। जबकि अब तक 9618 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, अब तक 17 हजार 977 लोग स्वस्थ्य भी हो चुके हैं। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार रात प्रेस कॉन्फ्रेंस में भरोसा जताया कि अमेरिका जल्द ही कोरोना संकट पर काबू पा लेगा। उन्होंने कहा, “इस सुरंग के आखिर में हमें उम्मीद की रोशनी नजर आ रही है। जिस हिसाब से चीजें हो रही हैं उससे लगता है कि उजाला ज्यादा दूर नहीं होगा।”  हालांकि इसके एक दिन पहले ट्रम्प ने कहा था कि आने वाला हफ्ता अमेरिका के लिए बेहद मुश्किल वाला साबित हो सकता है।

कोरोनावायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित न्यूयॉर्क में है। यहां के ब्रोंक्स जू में 4 साल की बाघिन संक्रमित मिली है। उसमें वही लक्षण पाए गए हैं जो इंसानों में पाए जा रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस बाघिन का नाम नादिया है। जू की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि नादिया की बहन एजुल और तीन अफ्रीकी शेरों में भी कफ के लक्षण पाए गए हैं। हालांकि, इनमें संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई। सभी का इलाज चल रहा है। यह कुछ जानवरों में भूख की कमी देखी गई थी। इसके बाद इनके सैम्पल लिए गए।  ॉ

स्पेन में 12 हजार मौतें

कोरोना वायरस के अटैक से स्पेन का बुरा हाल है। स्पेन में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 1 लाख 31 हजार 646 तक पहुंच गई है। जबकि मरने वालों की संख्या 12 हजार 641 हो गई है। यहां रविवार को 5478 नए मामले सामने आए हैं। जबकि 600 से अधिक लोगों की मौत हुई है। स्पेन में संक्रमण के चैन को रोकने के लिए लॉकडाउन जारी किया गया है। बावजूद इसके यहां कोरोना का संक्रमण बढ़ता जा रहा है। 

इटली के लिए राहत भरी खबर 

चीन के बाद इटली में तेजी से पांव पसारे कोरोना से इटली के लिए अब राहत भरी खबर सामने आई है। इटली में रविवार को मौत और संक्रमण के आंकड़ों में गिरावट आई है। इटली में रविवार को 525 लोगों की मौत हुई है। जबकि शनिवार को 681 लोगों की जान गई थी। यहां अब तक 15 हजार 887 लोगों की जान जा चुकी है। जबकि 1 लाख 28 हजार 948 लोगों संक्रमित पाए गए हैं। वहीं, संक्रमण के मामलों में रविवार को गिरावट दर्ज की गई है। यहां रविवार को सिर्फ 4316 नए केस सामने आए हैं। जबकि शनिवार को 4805 मामले दर्ज किए गए थे। 

ब्रिटेनः प्रधानंत्री जॉनसन हॉस्पिटल में एडमिट 

ब्रिटेन में भी कोरोना वायरस का कहर बढ़ता जा रहा है। ब्रिटेन में कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या 47 हजार 806 है। जबकि अब तक 4934 लोगों की मौत हो चुकी है। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन भी कोरोना से संक्रमित हैं। जिसके बाद रविवार को उन्हें हॉस्पिटल में एडमिट किया गया है। 

ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ ने रविवार रात देश को संबोधित किया। उन्होंने कहा, “एकजुट होकर हम इस महामारी पर काबू पा लेंगे। मैंने पहले भी कहा था। दोहरा रही हूं। एकता में शक्ति है। देश इस मुश्किल दौर से बाहर आ जाएगा। भविष्य में लोग इस बात पर गर्व करेंगे कि हमने कैसे इस महामारी से मुकाबला किया। आप भरोसा रखिए हमारा अच्छा दौर लौटेगा। हम फिर अपने परिजनों और परिवारों के साथ होंगे।” 

चीन मे 24 घंटे में सिर्फ 1 मौत

कोरोना की शुरूआत चीन के वुहान शहर से हुई थी। दिसंबर 2019 में शुरू हुआ कोरोना का कहर चीन में तीन महीने तक जारी रहा है। मौजूदा समय में हालात सामान्य हैं। नेशनल हेल्थ कमीशन ने रविवार रात एक बयान जारी किया। इसमें बताया गया कि शनिवार और रविवार के बीच 24 घंटे में 39 नए मामले सामने आए। एक मरीज की मौत हो गई। देश में कुल मामलों की संख्या 81 हजार 708 बताई गई है। जबकि अब तक 3331 लोगों की मौत हो गई है। 

(नोट- सभी आंकड़े worldometers.info के मुताबिक हैं।)

PREV

अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Recommended Stories

TRP के लिए मीडिया ने की हद पार, दुबई में बैठे इंडियंस ने जमकर धोया- Watch Videos
क्या सऊदी प्रिंस के उकसावे ने ली ईरान के सुप्रीम लीडर की जान? सामने आया सबसे बड़ा सबूत!