Sawasdee PM Modi: मोदी ने कहा-5 साल की उपलब्धियों से विश्वभर में रह रहे भारतीयों का सीना चौड़ा हो जाता है

Published : Nov 02, 2019, 05:45 PM ISTUpdated : Feb 01, 2022, 10:06 PM IST
Sawasdee PM Modi: मोदी ने कहा-5 साल की उपलब्धियों से विश्वभर में रह रहे भारतीयों का सीना चौड़ा हो जाता है

सार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को 3 दिन के दौरे पर थाईलैंड पहुंचे। यहां वे  भारत-आसियान सम्मेलन और क्षेत्रीय विस्तृत आर्थिक भागीदारी (आरसीईपी) सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।

बैंकॉक. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को 3 दिन के दौरे पर थाईलैंड पहुंचे। यहां वे  भारत-आसियान सम्मेलन और क्षेत्रीय विस्तृत आर्थिक भागीदारी (आरसीईपी) सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इससे पहले पीएम मोदी ने बैंकॉक में शनिवार शाम को भारतीय समुदाय के लोगों को भी संबोधित किया। इस कार्यक्रम को 'स्वास्दी पीएम मोदी' (Sawasdee PM Modi) नाम दिया गया है। 

'सवास्दी पीएम मोदी' कार्यक्रम बैंकॉक में भारतीय दूतावास के सहयोग से थाई-इंडियन समुदाय ने रखा है। स्वास्दी का थाई में अर्थ होता है बधाई और अलविदा। यह संस्कृत के स्वस्ती (हाल चाल) शब्द से बना है। 



'थाइलैंड के कण-कण में अपनापन नजर आता है'
पीएम मोदी ने कहा, ''ये वेशभूषा अपनेपन का अहसास कराती है। आप भारतीय मूल के हैं इसलिए नहीं बल्कि थाइलैंड के कण-कण में अपनापन नजर आता है। यहां की बातचीत में, यहां के खान-पान में, यहां की परंपराओं में, आस्था में, आर्किटेक्चर में, भारतीयता की झलक है। आज थाइलैंड के नए नरेश के राज-काल में, अपने मित्र प्रधानमंत्री प्रयुत चान ओ च के निमंत्रण पर मैं भारत-आसियान समिट में भाग लेने यहां आया हूं।''

'देश की उपलब्धियों से विश्वभर में भारतीयों का माथा ऊंचा हो रहा'
पीएम ने कहा, ''विश्व में जहां भी भारतीय हैं, वह भारत के संपर्क में रहते हैं। वह भारत की खबर लेते रहते हैं। मुझे इसकी खुशी है। पिछले पांच साल की उपलब्धियों से विश्वभर में रहने वाले मेरे देशवासियों का माथा ऊंचा हो जाता है। सीना चौड़ा हो जाता है।''

भारतीयों की बात गौर से सुनी जा रही- पीएम
मोदी ने कहा, ''कोई भी भारतीय दुनिया में कहता है, तो दुनिया उसे बड़े गौर से सुनती है। आपने थाईलैंड में भी अनुभव किया होगा। क्योंकि 130 करोड़ भारतीय आज न्यू इंडिया के निर्माण में लगे हुए हैं। आप में से अनेक साथी जो 5 -7 साल पहले भारत गए हो, वह भारत जाते हैं तो उन्हें परिवर्तन अनुभव होता है। आज जो परिवर्तन दिख रहा है, उसी का परिणाम है कि देश के लोगों ने फिर एक बार , फिर एक बार देशवासियों ने फिर एक बार अपने सेवक को पहले से भी अधिक आशीर्वाद दिया है। साथियों भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है।''



'भारत में 60 करोड़ मतदाताओं ने वोट डाले'
प्रधानमंत्री ने कहा, ''आप संभवत जानते होंगे की इस बार के आम चुनाव में सबसे ज्यादा 60 करोड़ मतदाताओं ने वोट डाले हैं। यह विश्व के लोकतंत्र के इतिहास की सबसे बड़ी घटना है। इसके लिए हर भारतीय को गर्व होना चाहिए। लेकिन क्या आप यह भी जानते हैं कि भारत के इतिहास में पहली बार महिला मतदाताओं की संख्या अब पुरुषों के पीछे नहीं है। दोनों बराबर वोट कर रहे हैं।''

उन्होंने कहा, इतना ही नहीं, इस बार पहले से कहीं ज्यादा महिला एमपी लोकसभा में चुनकर आईं। आजादी के बाद सबसे बड़ा नंबर है। क्या आप यह भी जानते हैं कि लोकतंत्र के प्रति हमारा कमिटमेंट इतना गहरा है कि गीर के जंगलों में एक मतदाता के लिए एक अलग पोलिंग बूथ बनाया जाता है।

60 साल में पहली बार किसी सरकार को दोबारा बहुमत मिला
मोदी ने कहा, ''भारत में 6 दशक बाद यानि 60 साल के बाद किसी सरकार को 5 साल का काम पूरा करने के बाद पहले से भी बड़ा मैडेट मिला है। 60 साल पहले एक बार ऐसा हुआ था, 60 साल के बाद यह पहली बार हुआ है और इसकी वजह है, पिछले 5 साल में भारत की उपलब्धियां। लेकिन इसका एक अर्थ यह भी है कि भारत के लोगों की अपेक्षाओं और आशाएं और बढ़ गई हैं। जो काम करता है लोग उसी से तो काम मांगते हैं। जो काम नहीं करता उसके लोग दिन गिनते रहते हैं। और इसलिए साथियों अब हम उन लक्ष्यों को हासिल करने के लिए काम कर रहे हैं जो कभी असंभव लगते थे।''

'भारत-थाईलैंड के बीच हर हफ्ते करीब 300 फ्लाइट्स चल रहीं हैं'
उन्होंने कहा, ''बीते 4 साल में भारत ने ट्रैवल और टूरिज्म के ग्लोबल इंडेक्स में 18 रैंक का जंप लिया है। आने वाले समय में टूरिज्म के ये संबंध और मजबूत होने वाले हैं। आसियान देशों के साथ अपने सम्बन्धों को बढ़ावा देना हमारी सरकार की विदेश नीति की प्राथमिकताओं में है। इसके लिए हमने एक्ट ईजी पॉलिसी को विशेष महत्व दिया है। एयर हो, सी हो या फिर रोड कनेक्टिविटी, भारत और थाईलैंड बहुत तेज़ी से आगे बढ़ रहे हैं। आज हर हफ्ते करीब 300 फ्लाइट्स दोनों देशों के बीच चल रही हैं। भारत के 18 डेस्टिनेशन आज थाईलैंड से सीधे कनेक्टेड हैं। आज स्थिति ये है कि दोनों देशों के किसी भी दो डेस्टिनेशन के बीच एवरेज फ्लाइट टाइम 2 से 4 घंटे है। ये तो ऐसा ही है जैसे आप भारत में ही दो जगहों के बीच फ्लाई कर रहे हों।''

मोदी ने कहा, ''नॉर्थ ईस्ट इंडिया को हम साउथ ईस्ट एशिया के गेटवे के तौर पर डेवलेप कर रहे हैं। भारत का ये हिस्सा हमारी एक्ट ईस्ट पॉलिसी और थाइलैंड की एक्ट वेस्ट पॉलिसी दोनों को ताकत देगा। एक बार भारत-म्यांमार-थाईलैंड हाईवे यानि ट्रिलेटरल हाईवे शुरु हो जाएगा तो नॉर्थ ईस्ट इंडिया और थाईलैंड के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी।''

छठ पूजा की शुभकामनाएं दीं
मोदी ने कहा, ''आप सबके बीच आकर के ऐसा लग रहा है कि आप ने इस स्वर्णभूमि को भी अपने रंग से रंग दिया है। ये माहौल, ये वेशभूषा हर तरफ से अपनेपन का अहसास दिलाती है। अपनापन झलकता है। आप भारतीय मूल के हैं सिर्फ इसलिए नहीं, बल्कि थाईलैंड के कण-कण में, जन-जन में अपनापन नजर आता है। यहां की बातचीत में, यहां के खान-पान में, परंपराओं में, आस्था में, आर्किटेक्चर में, कहीं न कहीं हम भारतीयता की महक महसूस करते हैं।''


उन्होंने कहा, ''साथियों पूरी दुनिया में हमने दिवाली का त्योहार मनाया। यहां थाईलैंड में भारत के पूर्वांचल से काफी लोग आए और आज पूर्वी भारत में सूर्यदेव और छठी मैया की उपासना का महापर्व धूमधान में मनाया जा रहा है। मैं थाईलैंड में रहने वाले सभी साथियों को छठ पूजा की शुभकामनाएं देता हूं।''

ह्यूस्टन में मोदी ने हाउडी मोदी कार्यक्रम को किया था संबोधित
इससे पहले 23 सितंबर को अमेरिका के ह्यूस्टन में इसी तरह का भव्य कार्यक्रम हाउडी मोदी हुआ था। इसमें करीब 50 हजार लोग इकट्ठा हुए थे। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प भी इसमें शामिल हुए थे। 
 



गुरुनानक देव की जयंती पर सिक्का जारी किया
भारतीय को संबोधित करने के अलावा पीएम मोदी ने यहां गुरुनानक देव की 550वीं जयंती पर सिक्का भी जारी किया। इसके साथ ही उन्होंने तमिल क्लासिक तिरुक्कुरल का थाई अनुवाद भी जारी किया। 

3 नवंबर को पीएम मोदी प्रधान मंत्री मोदी थाई प्रधानमंत्री प्रार्थना चान-ओ-चा के साथ 16 वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगे। यह मोदी का सातवां आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और छठा पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन होगा।

PREV

अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Recommended Stories

Nepal Election 2026: Gen-Z बनाम ओल्ड गार्ड, नेपाल में किसकी बनेगी सरकार? 10 प्वाइंट में पूरी गणित
America Iran Conflict: अब और ताकतवर हो गए डोनाल्ड ट्रंप, मिल गई एक बड़ी जीत!