
अक्करा( Accra). पश्चिमी अफ्रीकी देश घाना(Ghana) के पश्चिमी क्षेत्र में एक गोल्ड माइन के लिए विस्फोटक पदार्थ लेकर जा रहे ट्रक के बाइक से टकरा जाने पर हुए ब्लास्ट में 20 से अधिक लोग मारे गए। हादसा भारतीय समानुसार गुरुवार को हुआ। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन संगठन के उप महानिदेशक सेजी साजी ने बताया कि मोटरसाइकिल बीच रास्ते में आ जाने से ट्रक उससे टकरा गया, जिससे एक चिंगारी फूटी और फिर विस्फोट हो गया। धमाके से पूरा इलाका जैसे कांप उठा। हादसे में 60 से अधिक लोग घायल हैं। उन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। सरकार मामले पर पूरी नजर बनाए हुए है।
राष्ट्रपति ने जताया शोक
घाना के राष्ट्रपति नाना एडो डंकवा अकुफो-एडो(Nana Addo Dankwa Akufo-Addo) ने फेसबुक पेज के जरिये घटना पर दु:ख जताया है। उन्होंने लिखा-पश्चिमी क्षेत्र में बोगोसो के पास विस्फोट हुआ। यह वास्तव में दुर्भाग्यपूर्ण और दुखद घटना है। मैं सरकार की ओर से मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और मैं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। पुलिस, सशस्त्र बल और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन संगठन (एनएडीएमओ) स्थिति को ठीक करने के लिए मिलकर प्रयास कर रहे हैं।
कई बिल्डिंग्स धरायाई
धमाके की भीषणता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि विस्फोट में कई इमारतें जमींदोज हो गईं। मृतकों की संख्या अभी स्पष्ट नहीं है। इससे पहले 2017 में अक्करा में ही प्राकृतिक गैस ले जा रहे एक टैंकर में आग लगने से तीन लोगों की मौत हो गई थी। वहीं, जून 2015 में एक पेट्रोल स्टेशन हुए ब्लास्ट में वहीं बारिश और बाढ़ से बचने के लिए रुके 150 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी।
घाना के बारे में
घाना गणराज्य पश्चिम अफ्रीका में स्थित एक देश है। इसकी सीमा पश्चिम में कोट द' आईवोर (आइवरी कोस्ट), उत्तर में बुर्किना फासो, पूर्व में टोगो और दक्षिण में गिनी की खाड़ी से मिलती है। घाना शब्द का अर्थ लड़ाकू राजा होता है। यह गोल्ड कोस्ट 1957 में यूनाइटेड किंगडम से स्वतंत्रता हासिल करने वाला पहला उप सहारा अफ्रीकी राष्ट्र बना।
यह भी पढ़ें
पाकिस्तान के लाहौर में जबरदस्त धमाके का Video, चीखते लोग और हवा में उड़ते चीथड़े
UAE के खिलाफ ड्रोन से हमला करने वाले हूती विद्रोहियों को फिर से आतंकवादियों की लिस्ट में डाल सकता है अमेरिका
अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।