
वाशिंगटन. कोरोना वायरस का आतंक बढ़ता जा रहा है। दुनियाभर में 392,286 लोग संक्रमित है तो 17,147 लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि राहत भरी खबर यह है कि इसमें से 103,389 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। चीन के सबसे ज्यादा प्रभावित वुहान शहर में पांच दिनों तक कोई केस सामने नहीं आया था। लेकिन सोमवार को सात लोगों की मौत हुई है। वहीं, इटली में सोमवार को 601 लोगों की जान गई है। इटली यूरोप का सबसे ज्यादा प्रभावित देश है। कोरोना वायरस की वजह से दुनिया के 195 देश प्रभावित हैं।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रमुख टेड्रोस गेब्रियिसोस ने कहा है कि कोरोना वायरस महामारी तेजी से बढ़ रहा है। हालांकि, हम इसकी ट्रैजेक्टरी को हदल सकते हैं। उन्होंने कहा कि इसके पहले मामले से एक लाख तक पहुंचने में 67 दिन का समय लगा है। दो लाख पहुंचने में 11 दिन और 2 से 3 लाख पहुंचने में केवल चार दिन का समय लगा है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्लूएचओ) ने नए कोरोनोवायरस महामारी को स्पष्ट रूप से "तेज" कर दिया है, लेकिन कहा है कि हमले के बाद भी इसके प्रक्षेपवक्र को बदलना संभव था।
6 करोड़ लोग अपने घरों में कैद, फिर भी 6 हजार लोगों की मौत
इटली के नागरिक सुरक्षा विभाग के प्रमुख एंजेलो बोरेली ने सोमवार को बताया कि यहां एक दिन में संक्रमण के 3780 नए मामले सामने आए हैं। इटली का लोम्बार्डी प्रांत सबसे ज्यादा प्रभावित है। इटली पूरी तरह से लॉकडाउन है। देश के करीब 6 करोड़ लोग अपने घरों में कैद हैं। इटली में अब तक 63,927 लोग कोरोना से संक्रमित हैं। जबकि 6077 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, 7,432 लोग कोरोना वायरस से ठीक भी हो चुके हैं।
अमेरिका में 9.6 करोड़ लोग घरों में कैद
कोरोना वायरस के बढ़ते असर को देखते हुए अमेरिका के कम से कम 16 राज्यों ने अपने नागरिकों को घर में रहने का आदेश जारी किया है। देश के करीब 9.6 करोड़ लोग अपने घरों में हैं। देश की जनसंख्या का 29% लोगों पर प्रतिबंध लगाया गया है। लेकिन, अभी तक यह आदेश लागू नहीं हो पाए हैं। अगर, 16 राज्यों में यह आदेश लागू हो जाते हैं तो करीब 14.2 करोड़ यानी 43% नागरिक घरों में कैद हो जाएंगे। अमेरिका में कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या 46,168 हो गई है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक एक दिन में 2434 नए मरीज सामने आए हैं। जबकि 29 नई मौतें हुई हैं, जिससे मौत का आंकड़ा 582 हो गया है।
स्पेन में 2696 लोगों की मौत
कोरोना वायरस से इटली के बाद सबसे बुरी हालत स्पेन की है। यहां एक दिन में 385 लोगों की मौत हुई है। जिससे अब मरने वालों की संख्या 2696 हो गई है। वहीं, 4537 नए केस सामने आए हैं। जिसके बाद यहां संक्रमित मरीजों की संख्या 39673 हो गई है। स्पेन ने अपने शहर को लॉकडाउन कर दिया है।
ब्रिटेन में 335 लोगों की मौत
ब्रिटेन में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या बढ़कर 335 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना के 967 नए मामले सामने आए हैं। इसके बाद देश में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 6,650 हो गई है। ब्रिटेन में अब तक 83,945 लोगों की जांच की जा चुकी है। इसमें से 77,295 लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है, जबकि 6650 लोग इससे संक्रमित पाए गए हैं।
अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।