
इस्लामाबाद. भारत में कृषि कानूनों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन जारी है। अब पाकिस्तान भी इस मौके का फायदा भुनाने में जुटा है। इसी को लेकर पाकिस्तान संयुक्त राष्ट्र (UN) महासभा की बैठक में भारत के खिलाफ माहौल बनाने में जुटा है। पाकिस्तान ने यूएन में दावा किया है कि भारत किसान आंदोलन से ध्यान भटकाने के लिए उसके क्षेत्र में कार्रवाई भी कर सकता है।
यूएन में पाकिस्तानी प्रतिनिधि मुनीर अकरम ने दावा किया है कि भारत पाकिस्तान को लेकर अपने आक्रामक रवैये को सही ठहराने के लिए फॉल्स फ्लैग ऑपरेशन कर सकता है। पाकिस्तान सरकार के सूत्रों ने कहा, भारत किसान आंदोलन से पूरी दुनिया का ध्यान भटकाने के लिए ऐसे ऑपरेशन की कोशिश कर सकता है।
नई चाल चलने की फिराक में पाकिस्तान
दरअसल, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में सुधार के लिए भारत, ब्राजील, जर्मनी और जापान ने मांग की है। ऐसे में माना जा रहा है कि भारत के रास्ते में अड़ंगा डालने के लिए पाकिस्तान ने यह पैंतरा अपनाया है।
पाकिस्तान ने लगाए ये आरोप
मुनीर अकरम ने यूएन में कहा, भारत ने कश्मीरियों के फैसले लेने के अधिकार दबा दिए हैं। वहां सेनाएं लोगों पर अत्याचार कर रही हैं। मुस्लिमों की ज्यादा आबादी वाले राज्य को हिंदू बहुल क्षेत्र में बदलने के लिए अभियान शुरू किया गया है। अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत यह अपराध है।
'पाकिस्तान ने रोका युद्ध'
अकरम ने कहा, 2019 में हुए पुलवामा हमले के बाद भारत ने युद्ध जैसा माहौल बना दिया था। हालांकि, पाकिस्तान ने संयम दिखाकर उसे रोक दिया। अकरम ने कहा, पुलवामा हमले में स्थानीय लोग शामिल थे। इसका पाकिस्तान से कोई लेना देना नहीं था।
क्या होता है फ्लैग ऑपरेशन?
फॉल्स फ्लैग ऑपरेशन उसे कहते हैं, जहां ऑपरेशन के दौरान इसे करने वाले की पहचान छिपा ली जाती है। इस तरह के ऑपरेशन करने वाला अगर पकड़ा जाता है, तो उससे पूरी तरह से मुंह मोड़ लिया जाता है। इस तरह के ऑपरेशन करने वालों को यह पता होता है कि अगर वे पकड़े गए तो सरकार उन्हें कभी अपना नहीं मानेगी।
अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।