
बीजिंग। चीन के पूर्व प्रधानमंत्री ली केकियांग का निधन हो गया। वह 68 साल के थे। दिल का दौरा पड़ने से उनकी मौत हुई है। केकियांग राष्ट्रपति शी जिनपिंग के पहले पांच साल के दो कार्यकाल के दौरान चीन के प्रधानमंत्री थे।
ली केकियांग चीन की 17वीं, 18वीं और 19वीं कम्युनिस्ट पार्टी की केंद्रीय समितियों के राजनीतिक ब्यूरो की स्थायी समिति के सदस्य थे। उनका निधन शंघाई में हुआ। 26 अक्टूबर को ली को अचानक दिल का दौरा पड़ा था। 27 अक्टूबर को 00:10 बजे उनका निधन हुआ।
चीन की सरकारी मीडिया ने शुक्रवार को केकियांग के निधन की जानकारी दी। केकियांग सुधार की सोच रखने वाले नौकरशाह थे। एक वक्त था जब ली को चीन के अगले राष्ट्रपति के रूप में देखा जा रहा था, लेकिन शी जिनपिंग ने उन्हें रेस में पीछे छोड़ दिया था। इसके बाद केकियांग ने जिनपिंग के नेतृत्व में 10 साल तक प्रधानमंत्री के रूप में कार्य किया।
ली ने आधुनिक व्यक्ति के रूप में बनाई थी छवि
पीएम के रूप में कार्यकाल के दौरान ली ने अपने सख्त सहकर्मियों की तुलना में अधिक आधुनिक व्यक्ति के रूप में अपनी छवि बनाई थी। वह आर्थिक सुधार की खुलकर वकालत करते थे। चीन की आर्थिक तरक्की में उनका महत्वपूर्ण योगदान था।
ली का जन्म पूर्वी चीन के गरीब अनहुई प्रांत में हुआ था। उनके पिता पार्टी के छोटे पदाधिकारी थे। ली को चीन की अशांत सांस्कृतिक क्रांति के दौरान ग्रामीण इलाकों में मजदूरी करने के लिए भेजा गया था। उन्होंने पेकिंग विश्वविद्यालय से कानून की डिग्री हासिल की थी।
80 के दशक के मध्य में चीन के अधिकारी वर्ग में शामिल हुए थे ली
शिक्षा पूरी करने के बाद ली 80 के दशक के मध्य में चीन के अधिकारी वर्ग में शामिल हुए थे। एक नौकरशाह के रूप में काम करते हुए वह अधिक रूढ़िवादी हो गए थे। तत्कालीन प्रधानमंत्री वेन जियाबाओ के डिप्टी बनने से पहले ली हेनान और उत्तर-पूर्व में लियाओनिंग प्रांत में पार्टी के शीर्ष अधिकारी बन गए थे। उन्होंने दोनों राज्यों में आर्थिक विकास को बढ़ावा दिया था।
अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।