
Emmanuel Macron viral video: फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों दक्षिण-पूर्व एशिया (Southeast Asia) के आधिकारिक दौरे पर वियतनाम पहुंचे लेकिन जैसे ही वह विमान से उतरने वाले थे, कुछ ऐसा हुआ जिसने सोशल मीडिया पर भूचाल ला दिया। पत्नी ब्रिजिट मैक्रों (Brigitte Macron) के साथ उनकी बातचीत का एक वीडियो वायरल हो गया जिसमें वह उनका चेहरा एक झटके से परे हटाती नजर आती हैं।
वीडियो में राष्ट्रपति मैक्रों प्लेन के गेट के पास खड़े होकर अपनी पत्नी से बात कर रहे होते हैं, जो अभी कैबिन के भीतर थीं। तभी अचानक ब्रिजिट का हाथ सामने आता है और वह राष्ट्रपति के चेहरे को झटका देते हुए साइड कर देती हैं। एक क्रू मेंबर जो एयरक्राफ्ट पर चढ़ने ही वाला था, यह देखकर रुक जाता है। मैक्रों इस अप्रत्याशित हरकत से चौंकते हैं लेकिन तुरंत कैमरे को देखकर मुस्कुराते हैं और हाथ हिलाकर स्वागत करते हैं। इस दौरान वह हैंडल को मजबूती से पकड़ते हैं ताकि संतुलन न बिगड़े।
विमान से उतरते हुए राष्ट्रपति मैक्रों ने पत्नी ब्रिजिट को हाथ या कोहनी थामने का इशारा किया लेकिन गंभीर दिख रहीं फर्स्ट लेडी ने उनके हाथ को नजरअंदाज करते हुए सीढ़ियों की रेलिंग पकड़ कर नीचे उतरना चुना। इस पूरे दृश्य को एक वीडियो पत्रकार ने रिकॉर्ड किया।
वीडियो के सामने आते ही सोशल मीडिया पर तूफान मच गया। कुछ अकाउंट्स और राष्ट्रपति विरोधी मीडिया हाउस ने इसे 'थप्पड़' या 'धक्का' तक करार दे दिया। हालांकि, ब्रिजिट का चेहरा वीडियो में नहीं दिखता जिससे उनके इरादे या मूड के बारे में कुछ कहना मुश्किल है।
हनोई में पत्रकारों से बात करते हुए मैक्रों ने कहा: हम अक्सर की तरह मजाक कर रहे थे। इसमें कुछ भी असामान्य नहीं था। वहीं, राष्ट्रपति कार्यालय ने पहले तो वीडियो को फर्जी बताया लेकिन बाद में वीडियो की पुष्टि होने पर इसे एक सामान्य कपल के बीच का हल्का-फुल्का पल बताया।
राष्ट्रपति के एक करीबी सहयोगी ने AFP को बताया: यह एक कपल का निजी और मजाकिया पल था जिसे मीडिया ने गलत तरीके से पेश किया। वहीं, एक अन्य अधिकारी ने कहा: ट्रिप शुरू होने से पहले का एक हल्का-फुल्का डिकंप्रेसिंग मोमेंट था। साजिश के सिद्धांतों को हवा देने की कोई ज़रूरत नहीं।
वियतनाम उनका पहला पड़ाव है। राष्ट्रपति मैक्रों इस हफ्ते इंडोनेशिया और सिंगापुर की भी आधिकारिक यात्रा पर जाएंगे। माना जा रहा है कि इस दौरे के दौरान आर्थिक, रणनीतिक और पर्यावरणीय मुद्दों पर अहम बातचीत होगी।
अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।