दुनिया में ऐसे मना महिला दिवस, कहीं लगे महिलाओं को आजाद करने के नारे तो कहीं उन्हें किया गया गिरफ्तार

भारत में निर्धारित महिलाओं के मैराथन को वायरस की चिंताओं को लेकर स्थगित कर दिया गया क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि प्रख्यात महिलाएं इस दिन उनका सोशल मीडिया अकाउंट चलाएंगी।

Asianet News Hindi | Published : Mar 8, 2020 2:16 PM IST

बैंकॉक. अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर हजारों महिलाओं ने एशिया के विभिन्न हिस्सों में मार्च निकाला जबकि कोरोना वायरस के प्रकोप के चलते क्षेत्र में कई कार्यक्रमों को रद्द करना पड़ा था।

महिला दिवस पर पाकिस्तान में महिलाओं ने आजादी के नारे लगाए

महामारी से सर्वाधिक प्रभावित चीन में सरकारी चैनल सीसीटीवी ने वायरस के खिलाफ जंग में महिला चिकित्सा कर्मी की भूमिका का विशेष रूप से उल्लेख किया। महामारी के और विकराल रूप लेने की बढ़ती आशंका के बावजूद थाईलैंड, इंडोनेशिया और फिलीपीन में मार्च निकाले गए जबकि अत्यंत रूढ़िवादी देश पाकिस्तान में महिलाओं ने “आजादी” मांगते हुए रैली की।

भारत में वायरस के खतरे को देखते हुए मैराथन को स्थगित कर दिया गया

भारत में निर्धारित महिलाओं के मैराथन को वायरस की चिंताओं को लेकर स्थगित कर दिया गया क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि प्रख्यात महिलाएं इस दिन उनका सोशल मीडिया अकाउंट चलाएंगी। दक्षिण कोरिया में 7,000 से ज्यादा लोगों के संक्रमण की चपेट में आने के चलते कई कार्यक्रम रद्द कर दिए गए। देश में लैंगिक समानता मंत्री ली जंग-ओके ने वीडियो संदेश में कहा, “भले ही हम शारीरिक रूप से साथ नहीं रह सकते, लैंगिक समानता को महसूस करने के लिए हमारा मन आज पहले से ज्यादा मजबूत है।”

कई नारीवादी समूहों ने लैंगिक असमानता के प्रति जागरुकता पैदा करने के लिए सड़कों पर मार्च निकालने की बजाए हैशटैग फीमेल स्ट्राइक, पावर अप और 38वां अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस का इस्तेमाल करते हुए ऑनलाइन अभियान चलाया।

फिलीपीन की महिलाओं ने राष्ट्रपति का पुतला जलाया

बैंकॉक में प्रदर्शनकारियों ने श्रमिकों के लिए बचाव उपायों में सुधार करने और सेना के समर्थन से चलने वाली सरकार के तहत ज्यादा अधिकार दिए जाने की मांग उठाई। फिलीपीन की राजधानी मनीला में सैकड़ों महिलाओं-पुरुषों ने राष्ट्रपति रोड्रिगो दुतेर्ते का बड़ा सा पुतला जलाते हुए रैली की। प्रदर्शनकारियों ने दुतेर्ते पर महिलाओं से नफरत करने का आरोप लगाया।

इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में सैकड़ों महिलाओं ने उन कानूनों को रद्द करने की मांग की जिन्हें महिलाओं से भेदभाव करने वाला माना जाता है। उन्होंने यौन हिंसा के खिलाफ और घरेलू कामगारों के संरक्षण के लिए कानून बनाने की मांग की।

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच महिला ट्वेंटी-20 विश्व कप फाइनल मैच देखने के लिए मेलबर्न में बड़ी भीड़ एकत्र हुई।

वहीं किर्गिस्तान में महिला दिवस के दिन कई महिलाओं को गिरफ्तार किया गया

वहीं किर्गिस्तान में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर निकाली गई रैली में पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले नकाबपोश व्यक्तियों ने प्रदर्शनकारियों पर हमला किया था और उनके पोस्टर फाड़ दिए थे। गिरफ्तार किए गए प्रदर्शनकारियों में से अधिकतर महिलाएं हैं।

(ये खबर न्यूज एजेंसी पीटीआई/भाषा की है। एशियानेट हिन्दी न्यूज ने सिर्फ हेडिंग में बदलाव किया है।)

(प्रतिकात्मक फोटो)

Share this article
click me!