
India UK Free Trade Agreement: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यूके की यात्रा पर हैं। उनकी मौजूदगी में भारत और यूके मुक्त व्यापार समझौता (FTA) पर साइन किया। यूके के पीएम कीर स्टारमर के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए पीएम मोदी ने FTA को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर कहा कि आज का युग विस्तारवाद नहीं विकासवाद का है। पाकिस्तान को लेकर मोदी ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में दोहरे मापदंड की जगह नहीं है।
1- 'आज हमारे संबंधों में एक ऐतिहासिक दिवस है। मुझे खुशी है कि कई वर्षों की मेहनत के बाद आज दोनों देशों के बीच व्यापार समझौता हुआ है। यह समझौता मात्र आर्थिक साझेदारी नहीं है। बल्कि साझा समृद्धि की योजना है। भारतीय टेक्सटाइल, फुटवियर, रत्न और आभूषण, सी फूड और इंजीनियरिंग गुड्स को यूके में बेहतर बाजार पहुंच मिलेगी। भारत के कृषि उत्पाद और प्रोसेस्ड फूड इंडस्ट्री के लिए यूके के बाजार में नए अवसर बनेंगे। भारत के युवाओं, किसानों, मछुआरों और एमएसएमई सेक्टर के लिए ये समझौता लाभकारी सिद्ध होगा। भारत के लोगों और उद्योग के लिए यूके में बने प्रोडक्ट्स जेसे मेडिकल डिवाइस और एयरोस्पेस पार्ट्स सुलभ और किफायती दरों पर उपलब्ध हो सकेंगे।
2- 'इस समझौते के साथ ही डबल कंट्रीब्यूशन कन्वेंशन पर भी सहमति बनी है। इससे दोनों देशों के सर्विस सेक्टर विशेषकर टेक्नोलॉजी और फाइनेंस को नई ऊर्जा मिलेगी। कारोबार करने की आसानी को गति मिलेगी। कारोबार करने की लागत कम होगी। यूके की अर्थव्यवस्था को भारतीय कुशल प्रतिभा मिलेंगे। इन समझौतों से दोनों देशों में निवेश बढ़ेगा और रोजगार के नए अवसर बनेंगे। ये समझौते वैश्विक स्थिरता और समृद्धि को बल देंगे।
3- 'अगले दशक में हमारे कॉम्प्रिहेंसिव स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप को नई गति और ऊर्जा देने के लिए विजन 2035 जारी किया जा रहा है। यह टेक्नोलॉजी, डिफेंस, जलवायु, शिक्षा और लोगों से लोगों के बीच संपर्क के क्षेत्रों में एक मजबूत, भरोसेमंद और महत्वाकांक्षी साझेदारी का रोडमैप बनेगा।'
4- 'डिफेंस और सिक्योरिटी में साझेदारी के लिए डिफेंस इंडस्ट्रियल रोडमैप बनाया गया है। हमारी टेक्नोलॉजी सिक्योरिटी इनिशिएटिव को और मजबूत करने पर काम किया जाएगा। AI से क्रिटिकल मिनरल्स और सेमीकंडक्टर से साइबर सिक्योरिटी तक हम मिलकर भविष्य बनाएंगे।'
5- 'पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कठोर निंदा के लिए हम प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर और उनकी सरकार का आभार व्यक्त करते हैं। हम एकमत हैं कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में दोहरे मापदंड का कोई स्थान नहीं है। हम इस बात पर भी सहमत हैं कि एक्सट्रिमिस्ट विचारधारा वाली शक्तियों को लोकतांत्रिक स्वतंत्रता का दुरुपयोग करने नहीं दिया जा सकता। आर्थिक अपराधियों के प्रत्यर्पण के विषय पर भी हमारी एजेंसी सहयोग और समन्वय से काम करती रही है।'
6- 'हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति और स्थिरता, यूक्रेन में चल रहे संघर्ष और पश्चिम एशिया की स्थिति पर हम विचार साझा करते रहे हैं। हम जल्द से जल्द शांति और स्थिरता की बहाली का समर्थन करते हैं। सभी देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान अनिवार्य है। आज के युग की मांग विस्तारवाद नहीं, विकासवाद ही है।'
7- 'पिछले महीने अहमदाबाद में हुई दुर्घटना में मारे गए लोगों में कई यूके के नागरिक भाई-बहन भी थे। उनके परिवारवालों के प्रति हम संवेदनाएं प्रकट करते हैं। यूके में रहने वाले भारतीय मूल के लोग हमारे संबंधों में जीवित पुल का काम करते हैं।'
8-'जब भारत और यूके मिलें, वह भी टेस्ट सीरीज के दौरान तो क्रिकेट का उल्लेख तो करना ही पड़ता है। हम दोनों के लिए क्रिकेट सिर्फ खेल नहीं, बल्कि पैशन है। हम हमेशा सीधे बल्ले से खेलते हैं। हम हाई स्कोरिंग सॉलिड पार्टनरशिप बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। आज संपन्न हुए समझौते और विजन 2035 इसी स्पिरिट को आगे बढ़ाने वाले माइलस्टोन हैं।'
9- 'प्रधानमंत्री जी मैं एक बार फिर आपके आतिथ्य सत्कार के लिए आपका आभार व्यक्त करता हूं। मैं आपको भारत यात्रा करने का निमंत्रण भी देता हूं और आशा करता हूं कि हमें जल्द ही भारत में आपका स्वागत करने का अवसर मिलेगा।'
अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।