
India UK FTA: भारत और यूके के बीच मुक्त व्यापार समझौता (FTA) हो गया है। दोनों देशों ने गुरुवार को इसपर साइन किया। इससे पहले यूके की यात्रा पर गए पीएम नरेंद्र मोदी लंदन में अपने ब्रिटिश समकक्ष कीर स्टारमर मिले। नरेंद्र मोदी और कीर स्टारमर की मौजूदगी में FTA पर साइन किया गया। 2020 में यूरोपियन यूनियन से अलग होने के बाद ब्रिटेन ने भारत के साथ FTA के रूप में सबसे बड़ा समझौता किया है।
भारत और यूके के बीच मुक्त व्यापार समझौता होने से दोनों देशों के बीच कारोबार बढ़ेगा। उम्मीद की जा रही है कि FTA से भारत और यूके का व्यापार हर साल 34 बिलियन डॉलर (2.93 लाख करोड़ रुपए) बढ़ेगा। भारत के 99 फीसदी सामानों पर यूके में टैरिफ नहीं लगेगा। इससे ब्रिटिश बाजार में भारतीय सामानों को बेहतर पहुंच मिलेगी। बदले में भारत यूके से आयात होने वाले सामानों पर टैरिफ घटाएगा।
FTA पर भारत के वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल और ब्रिटेन के व्यापार एवं वाणिज्य मंत्री जोनाथन रेनॉल्ड्स ने साइन किया। प्रधानमंत्री मोदी और उनके ब्रिटिश समकक्ष कीर स्टारमर के बीच लंदन में हुई द्विपक्षीय वार्ता के बाद इस समझौते पर साइन किए गए।
X पर पोस्ट कर कीर स्टार्मर ने एफटीए को "ऐतिहासिक समझौता" बताया। कहा कि यह समझौता ब्रिटेन में रोजगार और व्यावसायिक अवसरों का सृजन बढ़ाएगा। उन्होंने लिखा, "भारत के साथ एक ऐतिहासिक समझौते का मतलब है ब्रिटेन में रोजगार, निवेश और विकास। यह हजारों ब्रिटिश रोजगार पैदा करता है, व्यवसायों के लिए नए अवसर खोलता है और कामकाजी लोगों की जेब में पैसा डालता है।"
1- FTA का विजन भारत और यूके के बीच होने वाले व्यापार को दोगुना करना और दोनों देशों की अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देना है।
2- 2030 तक भारत और यूके के बीच होने वाले व्यापार को बढ़ाकर 100 बिलियन डॉलर (8.63 लाख करोड़ रुपए) करने का लक्ष्य है।
3- यूके में भारत से आयात होने वाले कपड़ा, चमड़े के सामान, रत्न-आभूषण जैसे वस्तुओं पर आयात शुल्क नहीं लिया जाएगा। इससे इनके दाम नहीं बढ़ेंगे। यूके को भारत का निर्यात बढ़ेगा।
4- भारत चिकित्सा उपकरणों और शराब सहित 90% ब्रिटिश उत्पादों पर टैरिफ कम कर देगा या हटा देगा।
5- यूके से आयात होने वाली शराब की कीमत घटेगी। रोल्स रॉयस और बेंटले जैसी ब्रिटिश ब्रांड की कारें भारत में सस्ती होंगी।
6- FTA से भारत के कपड़ा, परिधान, जूते, समुद्री उत्पाद, रत्न एवं आभूषण, ऑटो पार्ट्स, इंजीनियरिंग सामान और आईटी एवं वित्तीय सेवाएं जैसे क्षेत्रों को लाभ होगा।
7- FTA से यूके के स्कॉच व्हिस्की, पेय पदार्थ, ऑटोमोटिव, चिकित्सा उपकरण, मेडिकल टेक्नोलॉजी, क्लीन एनर्जी, वित्तीय और व्यावसायिक सेवाएं जैसे उद्योग को बढ़ावा मिलेगा।
8- भारत के आईटी, व्यावसायिक सेवाओं और दूरसंचार सेवाओं को यूके में बेहतर बाजार मिलेगा।
अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।