
Jaffar Express Hijack: पाकिस्तान के बलूचिस्तान में बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने मंगलवार को 425 यात्रियों से भरी जाफर एक्सप्रेस को हाईजैक कर लिया था। BLA ने महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों के साथ परिवार वाले 155 यात्रियों को छोड़ दिया था। सेना में सवार पाकिस्तानी सेना के करीब 200 जवानों को बंधक बना लिया गया था। ये वे जवान थे जो छुट्टी मनाकर वापस ड्यूटी पर लौट रहे थे।
बंधकों को लेकर पाकिस्तानी सेना और BLA द्वारा अलग-अलग जानकारी दी गई है। पाकिस्तानी सेना ने दावा किया है कि सभी बंधकों को मुक्त करा लिया गया है। ट्रेन अगवा करने में शामिल 33 आतंकियों को मार दिया गया है। दूसरी ओर BLA ने दावा किया है कि उसने बंधक बनाए गए सभी 214 सैन्य कर्मियों की हत्या कर दी है। BLA ने मांग की थी कि बंधकों के बदले बलूच राजनीतिक कैदियों को रिहा किया जाए। इसके लिए BLA ने 48 घंटे का समय दिया था। समय पूरा होने के बाद बंधकों को मार दिया गया।
BLA ने कहा है कि पाकिस्तान की सरकार जिद पर अड़ी रही। उसने अल्टीमेटम पर ध्यान नहीं दिया, जिसके चलते बंधकों की हत्या करनी पड़ी। बुधवार को उग्रवादियों ने सरकार को बलूच राजनीतिक कैदियों और कार्यकर्ताओं को रिहा करने के लिए 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया था। BLA ने दावा किया था कि पाकिस्तानी सेना ने बलूचों को अगवा किया।
BLA ने कहा, "पाकिस्तान ने अपनी पारंपरिक हथधर्मिता और सैन्य व्यवहार का प्रदर्शन किया। सरकार ने गंभीरता से बातचीत नहीं की। उसकी जिद के चलते सभी 214 बंधकों को मार दिया गया।"
बता दें कि BLA अलगाववादी समूह है। यह बलूचिस्तान को पाकिस्तान से अलग करने की मांग कर रही है। इसने मंगलवार को रेलवे ट्रैक उड़ाकर पेशावर जाने वाली जाफर एक्सप्रेस को हाईजैक कर लिया था। ट्रेन में 400 से ज्यादा यात्री सवार थे। इनमें से ज्यादातर सुरक्षाकर्मी थे। पाकिस्तानी सेना ने कहा कि 30 घंटे के अभियान के बाद बुधवार को घेराबंदी खत्म हो गई। सभी 33 विद्रोही मारे गए। हमले में 23 सैनिक, तीन रेलवे कर्मचारी और 5 यात्री मारे गए।
अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।