दुनिया में कोरोनाः अब तक 25 लाख केस, 1.72 लाख लोगों की जान गई; रूस में 1 दिन में 5600 से ज्यादा केस मिले

दुनियाभर में अब तक एक लाख 72 हजार 391 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, संक्रमण के शिकार मरीजों की संख्या 25 लाख से अधिक हो गई है। हालांकि अब तक छह लाख 59 हजार से ज्यादा लोग ठीक भी हो चुके हैं। फ्रांस दुनिया का चौथा देश है जहां संक्रमण से मरने वालों का आंकड़ा 20 हजार के पार पहुंच गया है।
 

Asianet News Hindi | Published : Apr 21, 2020 4:46 AM IST / Updated: Apr 21 2020, 08:32 PM IST

वॉशिंगटन. दुनियाभर में अब तक एक लाख 72 हजार 391 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, संक्रमण के शिकार मरीजों की संख्या 25 लाख से अधिक हो गई है। हालांकि अब तक छह लाख 59 हजार से ज्यादा लोग ठीक भी हो चुके हैं। फ्रांस दुनिया का चौथा देश है जहां संक्रमण से मरने वालों का आंकड़ा 20 हजार के पार पहुंच गया है। अमेरिका में पिछले 24 घंटे में 1,939 लोगों की जान गई है और 28 हजार 123 मरीज मिले हैं। यहां अब तक 42 हजार 517 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, रूस में एक दिन में 5600 से ज्यादा केस सामने आए हैं।

अमेरिका के न्यूयॉर्क में करीब 19 हजार मौतें

अमेरिका में सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य न्यूयॉर्क है, जहां अब तक 18 हजार 929 लोगों की जा जा चुकी है। न्यूयॉर्क स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को बताया कि न्यूयॉर्क स्टेट में अभी तक दो लाख 47 हजार 512 संक्रमित हैं जबकि न्यूयॉर्क शहर में यह आंकड़ा एक लाख 36 हजार 806 है। इससे पहले न्यूयॉर्क के गवर्नर एंड्रयू क्यूमो ने बताया कि रविवार को न्यूयॉर्क में 478 संक्रमितों की मौत हुई है जबकि शनिवार को 507 लोगों ने जान गंवाई थी। अमेरिका में संक्रमित मरीजों की संख्या 7 लाख 92 हजार 913 हो गई है। जबकि अब तक 42 हजार 517 लोगों ने दम तोड़ दिया है। 

अमेरिका में कई भारतीय डॉक्टर्स की मौत

अमेरिका और ब्रिटेन में कई भारतीय मूल के डॉक्टर औरअन्य मेडिकल स्टाफ दिन-रात जुटे हैं। कई डॉक्टरों की मौत भी हो चुकी है। पिछले सप्ताह न्यूयॉर्क के अस्पताल में एक भारतीय डॉक्टर माधवी अया की संक्रमण के से मौत हो गई थी। संक्रमित में ज्यादा भारतीय डॉक्टर न्यूयॉर्क और न्यूजर्सी में हैं। 

फ्रांस में 24 घंटे में 547 लोगों की मौत 

अमेरिका, स्पेन और इटली के बाद फ्रांस में भी कोरोना का संकट गहराता जा रहा है। यहां पिछले 24 घंटे में 547 लोगों की मौत हुई है। जबकि 2489 नए केस सामने आए हैं। फ्रांस दुनिया का चौथा देश है जहां अब तक 20 हजार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि संक्रमण के आंकड़े 1.55 लाख के पार हो गए हैं। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों ने फ्रांस में सोशल डिस्टेसिंग के नियम 11 मई तक बढ़ा दिए हैं। फ्रांस में वायरस से होने वाली मौतों में सोमवार को तीन हफ्तों में सबसे ज्यादा कमी आई है।

इटली में थोड़ी राहत, अब तक 24 हजार मौतें 

महामारी की शुरुआत के बाद पहली बार इटली में पहली बार संक्रमण के मामलों में कमी आई है। बीबीसी के मुताबिक, सिविल प्रोटेक्शन एजेंसी की चीफ एजेंलो बोरेली ने कहा कि पहली बार देश में संक्रमण के मामलों में कमी आई है। सोमवार तक यहां एक लाख 81 हजार 228 मरीज हैं, जो या तो अस्पताल में भर्ती हैं या घर में क्वारैंटाइन हैं। अमेरिका और स्पेन के बाद इटली तीसरा देश  है, जहां संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले हैं। यहां अब तक 24 हजार से ज्यादा मौतें हुई हैं। 

स्पेन में संक्रमण का मामला 2 लाख के पार 

स्पेन में कोरोना का संक्रमण बढ़ता जा रहा है। यहां पॉजिटिव केस की संख्या स्पेन में सोमवार को संक्रमण के केस में कमी आई है। यहां पिछले 24 घंटे में सिर्फ 1536 केस सामने आए हैं। जबकि इससे पहले रविवार को यहां संक्रमण के 4258 मामले सामने आए थे। यहां संक्रमित मरीजों की संख्या 2 लाख के पार हो गई है। जबकि अब तक 20 हजार 852 लोगों की मौत हो चुकी है। 

श्रीलंका में 20 जून को होंगे संसदीय चुनाव

श्रीलंका में 25 अप्रैल को होने वाले संसदीय चुनावों को वायरस के खतरे के कारण स्थगित कर दिया गया है। अब यह 20 जून को होंगे। श्रीलंका चुनाव आयोग ने मंगलवार को ये जानकारी दी। सरकार के सूचना विभाग ने एक बयान जारी कर कहा कि चुनाव आयोग की तरफ से जारी इस फैसले के बाद चुनावों की नई तारीख घोषित को लेकर एक विशेष राजपत्र नोटिस जारी किया जाएगा।

इससे पहले चुनाव आयोग के प्रमुख महिंदा देशप्रिया ने कहा था कि इस स्थित में 25 अप्रैल को चुनाव कराना संभव नहीं है, क्योंकि सरकारी कर्मचारी इन हालातों में काम नहीं कर सकते हैं। श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे ने दो मार्च को संसद भंग कर दिया था। देश में अब तक संक्रमण के 302 केस मिले हैं, जबकि सात लोगों की मौत हो चुकी है।

Share this article
click me!