
Sunita Williams returning to Earth: SpaceX के मालिक एलन मस्क ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन के प्रशासन पर नासा (NASA) के अंतरिक्षयात्रियों सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर (Butch Wilmore) को धरती पर लाने से रोकने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि SpaceX ने महीनों पहले अंतरिक्षयात्रियों को वापस लाने की पेशकश की थी। सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर बोइंग के स्टारलाइनर पर सवार होकर आठ दिन के मिशन पर निकले थे। वे अंतरिक्ष यान की सुरक्षा चिंताओं के कारण ISS (International Space Station) पर 8 महीने से अधिक समय बिता चुके हैं।
मस्क ने X पर पोस्ट किया, “SpaceX छह महीने पहले एक और ड्रैगन (अंतरिक्षयान) भेज सकता था। अंतरिक्ष यात्रियों को घर ला सकता था, लेकिन बाइडेन व्हाइट हाउस (नासा नहीं) ने इसकी अनुमति देने से इनकार कर दिया।”
मस्क के दावे पर अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने कहा है कि देरी राजनीतिक हस्तक्षेप के बजाय तकनीकी कारणों से हुई। विलियम्स और विल्मोर इसी महीने स्पेसएक्स क्रू ड्रैगन (SpaceX Crew Dragon) पर सवार होकर लौटने वाले हैं। इसमें 9 लोगों के सवार होने की जगह है।
मस्क के दावों पर विल्मोर ने धरती पर लौटने में देरी के लिए राजनीतिक हस्तक्षेप से इनकार किया है। उन्होंने कहा, "इसमें राजनीति बिल्कुल भी शामिल नहीं है।" ISS से निकलने से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में विल्मोर ने कहा, "अंतरिक्ष उड़ान में लंबे समय तक रुकना असामान्य नहीं है।" मस्क के दावे कि SpaceX उन्हें पहले ही वापस ला सकता था विल्मोर ने कहा, "मैं केवल इतना कह सकता हूं कि मस्क जो कह रहे हैं वह बिल्कुल तथ्यात्मक है। मुझे स्पेसएक्स और व्हाइट हाउस के बीच किसी भी निजी बचाव प्रस्ताव या चर्चा के बारे में जानकारी नहीं थी।"
मस्क ने ISS को जल्द बंद करने और इसे धरती की कक्षा से बाहर निकालने की बात कही है। उन्होंने कहा है कि इसकी उपयोगिता बहुत कम है। इसे दो साल में बंद कर देना चाहिए। नासा की आधिकारिक योजना ISS को 2030 तक चालू रखने की है। इसके बाद इसे प्रशांत महासागर में नियंत्रित तरीके से उतारा जाएगा।
सुनीता विलियम्स इस समय ISS पर हैं। उन्होंने मस्क द्वारा किए गए ISS को समय से पहले बंद करने के आह्वान को खारिज किया है। सुनीता विलियम्स ने कहा, "यह जगह बहुत बढ़िया चल रही है। मैं कहूंगी कि हम अभी अपने शिखर पर हैं। हमारे पास सारी शक्ति है। सारी सुविधाएं चालू हैं। इसलिए मुझे लगता है कि अभी शायद इसे बंद करने का सही समय नहीं है।"
अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।