Air India Express: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव को देखते हुए एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने जेद्दाह के लिए अपनी उड़ानें 24 नवंबर तक रद्द कर दी हैं। जिन यात्रियों ने टिकट बुक कराए हैं, उन्हें रिफंड और री-शेड्यूलिंग की सुविधा दी जा रही है।
Jeddah Flights Cancelled: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का असर अब हवाई सेवाओं पर भी दिखाई देने लगा है। एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने सऊदी अरब के लिए अपनी कई उड़ानें अस्थायी रूप से रद्द कर दी हैं। एयरलाइन के मुताबिक, क्षेत्र में मौजूदा हालात को देखते हुए जेद्दाह जाने और वहां से आने वाली उड़ानें 24 नवंबर तक बंद रहेंगी। वहीं, रियाद और दम्माम के लिए उड़ानों का संचालन 30 नवंबर तक निलंबित रहेगा।
एयर इंडिया ने यात्रियों को राहत देते हुए कहा है कि 24 नवंबर तक जेद्दाह की उड़ानों के लिए टिकट बुक कराने वाले यात्रियों को पूरा रिफंड दिया जाएगा। इसके अलावा, यात्री अपनी यात्रा की तारीख बदलने या टिकट को री-शेड्यूल करने का विकल्प भी चुन सकते हैं। क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति को देखते हुए हाल के दिनों में कई अन्य एयरलाइंस ने भी अपनी सेवाओं में कटौती की है।
पश्चिम एशिया में बढ़ता तनाव, हवाई सेवाओं पर असर
पश्चिम एशिया में ईरान, अमेरिका और यमन से जुड़े घटनाक्रमों के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है। सऊदी अरब के नेतृत्व वाली गठबंधन सेना और हूती विद्रोहियों के बीच टकराव तेज होने की खबर है। हूतियों ने मिसाइलों और ड्रोनों के जरिए सऊदी अरब को निशाना बनाया है। इसके जवाब में गठबंधन सेना ने भी सैन्य कार्रवाई की है।
रिपोर्ट के मुताबिक, गठबंधन सेना ने हूतियों के बैलिस्टिक मिसाइल भंडार और ड्रोन निर्माण केंद्रों समेत करीब 60 सैन्य ठिकानों पर हमले किए हैं। इन घटनाओं के बाद खाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
सऊदी अरब पर हमले की कई देशों ने की निंदा
रियाद के किंग अब्दुल्ला फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट टावर पर हूतियों के हमले की दुनिया भर में निंदा हो रही है। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) समेत कई खाड़ी देशों ने हमले की आलोचना करते हुए सऊदी अरब को समर्थन दिया है।
इस बीच, खबर है कि हूतियों ने बाब अल-मंडेब जलडमरूमध्य पर दोबारा नियंत्रण कर लिया है। यह समुद्री रास्ता लाल सागर और अदन की खाड़ी को जोड़ता है और अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। इस मार्ग पर किसी भी तरह की बाधा का असर वैश्विक समुद्री परिवहन और व्यापार पर पड़ सकता है।
होर्मुज में तेल टैंकरों में धमाके का दावा
ईरान और अमेरिका के बीच भी तनाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है। ईरान ने अमेरिका को एक बार फिर कड़ी चेतावनी दी है। वहीं, ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के मुताबिक, होर्मुज जलडमरूमध्य में दो घंटे के भीतर दो और तेल टैंकरों में धमाके हुए हैं।
पश्चिम एशिया में एक साथ कई मोर्चों पर बढ़ते संघर्ष ने क्षेत्रीय सुरक्षा और वैश्विक व्यापार को लेकर चिंता बढ़ा दी है। इसी स्थिति को देखते हुए एयर इंडिया ने सऊदी अरब के प्रमुख शहरों के लिए अपनी उड़ानों को अस्थायी रूप से निलंबित करने का फैसला किया है।













